script38.5 डिग्री सेल्सियस के साथ इस वर्ष बेंगलूरु रहा सबसे गर्म | Patrika News
समाचार

38.5 डिग्री सेल्सियस के साथ इस वर्ष बेंगलूरु रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 12 से 48 घंटों के दौरान बेंगलूरु में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

बैंगलोरApr 29, 2024 / 07:49 pm

Nikhil Kumar

इससे पहले 25 अप्रेल 2016 को बेंगलूरु को तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था

Bengaluru शहर के लोगों ने रविवार को इस वर्ष का सबसे गर्म दिन देखा। शहर का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ठीक एक दिन पहले शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस साल का सबसे गर्म दिन माना जा रहा था, लेकिन अगले दिन रविवार को ही यह रिकॉर्ड टूट गया। सिर्फ बेंगलूरु में ही नहीं बल्कि राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान बढ़ रहा है।
मौसम विभाग बेंगलूरु केंद्र के निदेशक सी. पी. पाटिल ने बताया कि इससे पहले 25 अप्रेल 2016 को बेंगलूरु को तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को दर्ज किया गया तापमान अप्रेल के लिए अब तक का तीसरे सबसे अधिक तापमान है। यह पहली बार है कि शहर में अप्रेल में 1 मिमी भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस बीच, कर्नाटक में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड करने वाले कलबुर्गी में मामूली गिरावट देखी गई। रविवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह 42.4 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बेंगलूरु शुष्क रहेगा। संभवत: तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। बीदर, कलबुर्गी, यादगीर, विजयपुर, चिकमगलूरु, कोडुगू, मैसूरु, बेलगावी, बागलकोट और रायचूर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 12 से 48 घंटों के दौरान बेंगलूरु में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रायचूर जिले में औसत अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद 42.9 डिग्री सेल्सियस के साथ कलबुर्गी सबसे गर्म रहा। बागलकोट में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Home / News Bulletin / 38.5 डिग्री सेल्सियस के साथ इस वर्ष बेंगलूरु रहा सबसे गर्म

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो