scriptआसमां से बरस रही आग, दोपहर में कर्फ्यू जैसे हालात, तापमान 43.1 डिग्री | Patrika News
समाचार

आसमां से बरस रही आग, दोपहर में कर्फ्यू जैसे हालात, तापमान 43.1 डिग्री

घरों की टंकियों का पानी भी उबल रहा, रातभर में भी नहीं हो पाता ठंडा

सिरोहीMay 22, 2024 / 05:38 pm

MAHENDRA SINGH VAGHELA

सिरोही. दिन में 4.30 बजे भी सड़क पर पसरा सन्नाटा।

सिरोही. जिला इन दिनों भीषण तपन व हीट वेव की चपेट में हैं। गर्मी का आलम ऐसा है कि सुबह से ही तपन शुरू हो जाती है। दोपहर आते-आते तो हाल ऐसा हो जाता है कि बाहर निकलना ही मुश्किल है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री पर बना हुआ था, जो दोपहर होते-होते अपने उच्च स्तर 43.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इधर, दिन के साथ रात भी गर्म हो रही है। सोमवार रात को तापमान 29 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। जिससे लोगों की अब रातों की नींद भी उड़ी हुई है। भीषण गर्मी के चलते लोगों के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए। दिन में बाजार व सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। सबसे अधिक परेशानी मजदूर व पैदल चलने वालों को उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी से सुबह दस बजे बाद पसीने छूटने लग जाते हैं। तापमान अधिक होने से घरों की टंकियों में पानी भी उबल रहा है, जो रातभर में भी ठंडा नहीं हो पाता। भीषण गर्मी में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। शाम छह बजे बाद सडक़ों पर लोगों की सामान्य आवाजाही शुरू होती हैं। लोग गर्मी से बचने के लिए छाता, रुमाल और तौलिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। गर्मी के बचाव के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आ रहे हैं। लोग गीला कपड़ा सिर पर लपेट कर जाते दिखे। वहीं, कोई गर्मी से ठण्डक पहुंचने वाला पेय पदार्थ से गला तर करते दिखा।

दिन चढ़ने के साथ ही बढ़ा पारा

बता दें कि शहर में दिन चढऩे के साथ ही अधिकतम पारे में वृद्धि दिखी। सुबह करीब 9 बजे पारा करीब 35 डिग्री था, जो दो घंटे बाद सुबह 11 बजे 40.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, दोपहर में पारा 43.1 डिग्री तक जा पहुंचा। वहीं, शाम साढ़े पांच बजे भी पारा 40 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। शाम के समय गर्म हवा लोगों को झकझोर रही थी।

Hindi News/ News Bulletin / आसमां से बरस रही आग, दोपहर में कर्फ्यू जैसे हालात, तापमान 43.1 डिग्री

ट्रेंडिंग वीडियो