script‘मन की बात’ में मोदी ने ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता | Modi shown his worry about global warming in | Patrika News
राजनीति

‘मन की बात’ में मोदी ने ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता

एग्रीकल्चर और ग्लोबल वार्मिंग के बारे में बोले मोदी, लोगों को अंगदान के लिए भी किया प्रेरित

Nov 29, 2015 / 12:39 pm

पुनीत पाराशर

man ki baat

man ki baat

नई दिल्ली। आकाशवाणी और दूरदर्शन से रविवार को मन की बात कार्यक्रम का 14वां संस्करण प्रसारित हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आज के कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताई। मोदी ने कहा कि सार्क देशों को डिजास्टर मैनेजमेंट के लिए साथ आना चाहिए। मोदी ने तमिलनाडु समेत देश के कुछ हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश के कारण हुई तबाही का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नेपाल में आए भूकंप के बाद पाकिस्तान के पीएम से भी इस बारे में बात की थी।

किसान लखविंदर सिंह की प्रशंसा
मोदी ने पंजाब के किसान लखविंदर सिंह के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि आप जैविक खेती करते हैं, यह अच्छी बात है। लेकिन लोगों द्वारा खेतों में फसल के बचे हुए अवशेष जलाना गलत बात है। इसे खेत में ऐसे ही छोड़ दिया जाए तो यह खाद का काम करती है। लोगों को इस तरह के प्रयोगों की ओर ध्यान देना चाहिए। खेतों में फसल के कचरा जलाने पर चिंता जताई। धरती मां की चमड़ी जल जाती है।

ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता
प्रधानमंत्री ने जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताई, कहा- तमिलनाडु में बेमौसम बारिश हुई। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में बारिश और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया क्लाइमेट चेंज से चिंता में है। हमें एनर्जी की बचत करनी होगी। 14 दिसंबर को एनर्जी कंजर्वेशन डे है। हमें पूर्णिमा के दिन स्ट्रीट लाइट बंद करनी होगी। कानपुर की एक महिला नूरजहां सोलर एनर्जी से लालटेन चार्ज करती हैं। 500 लोगों के घर में रोशनी करती हैं।


लोगों को अंगदान के लिए किया प्रेरित
उन्होंने कश्मीर के जावेद अहमद का जिक्र किया। कश्मीर में जावेद अहमद को आतंकियों ने कई गोलियां मारीं। इसके बाद भी उन्होंने हार नही मानी। शारीरिक रूप से लाचार होने पर भी वह समाज सेवा कर रहे हैं। आज विकलांगों के मसीहा बनकर काम करते हैं। मोदी ने एक बार फिर लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया औऱ कहा कि 3 दिसंबर को विकलांग दिवस पर देश को जावेद के जीवन से प्रेरणा लेना चाहिए।

बताए मुद्रा लोन के फायदे
गोरखपुर से अभिषेक पाण्डेय ने मोदी को फोन कर पूछा कि कैसे हम मुद्रा लोन का लाभ उठा सकते हैं। इस पर मोदी ने कहा कि 66 लाख लोगों को 42 हजार करोड़ की मदद छोटे-छोटे काम करने वालों को मिली है। मुंबई के शैलेष भोसले को बैंक से 8 लाख का लोन मिला, उन्होंने सीवेज सफाई का काम शुरू किया है। भोपाल की मदद शर्मा को बटुआ बनाने के लिए 40 हजार का लोन मिला। उनके रोजगार की इनकम बढ़ी। देश के सभी बैंक छोटे रोजगार वाले लोगों को ज्यादा से ज्यादा लोन दें।

मोदी ने लोगों से मांगी उनकी राय
“मन की बात” प्रोग्राम करने के पहले पीएम वेबसाइट और टोल फ्री नंबर पर लोगों से सुझाव भी मांगते हैं। “मन की बात” का पिछला प्रोग्राम 25 अक्टूबर को हुआ था। इस प्रोग्राम में पीएम ने अंगदान की अहमियत बताई थी। वहीं, इस प्रोग्राम का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को टेलिकास्ट किया गया था।

सरकारी कर्मचारियों की तारीफें
मोदी ने कहा कि सरकारी बाबुओं से जीवन में कभी न कभी बुरा अनुभव मिलता है। सरकारी के कर्मचारी भी अच्छे काम करते हैं। सामाजिक कामों के लिए आशा कार्यकर्ताओं को याद किया। आशा कार्यकर्ता जमनामणि का जिक्र कर कहा आशा वर्कर अच्छा काम कर रही हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 14वीं बार देश से “मन की बात” की है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर यह जानकारी दी थी। पीएम मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का यह 14वां संस्करण सुबह 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क पर प्रसारित किया गया। मोदी आज दोपहर ढाई बजे फ्रांस की राजधानी पेरिस के लिए रवाना होंगे। वहां वे जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

Home / Political / ‘मन की बात’ में मोदी ने ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो