
हर दशक बदलता गया सिनेमा, आज ओटीटी ने बढ़ाया दायरा : राजेन्द्र गुप्ता
अनुराग त्रिवेदी
जयपुर. ऐसा नहीं है कि सिनेमा में अभी कोई बदलाव आया है, यह एक सतत प्रक्रिया है। पहले 60 के दशक में एक अलग तरह का सिनेमा था, जिसके जरिए लोग सिनेमा से जुड़े। इसके बाद एक्शन वाला, फिर रोमांस वाला फिर यह बदलता गया। एक समय जब टीवी आया था, तब भी सिनेमा पर संकट की बात कही गई थी और अब ओटीटी के आने के बाद सिनेमाघरों के वजूद पर सवाल उठने लगा। मेरा मानना है कि सिनेमा एक बार फिर से अपने चरम पर होगा और लोग सिनेमाघरों के नजदीक आएंगे। इसमें सिनेमाघरों की टिकट प्राइज भी अहम रोल निभा रही है। फिल्म देखने से लेकर वहां फूड, पार्किंग सहित अन्य चीजों पर बेशुमार पैसा वसूला जा रहा है। वहीं अभी ओटीटी प्लेटफॉर्म की संख्या भी तेजी बढ़ रही है, ऐसे में सिनेमाघर जरूर प्रभावित हा रहे है। यह कहना है, सीनियर एक्टर राजेन्द्र गुप्ता का। जयपुर में निर्माता-निर्देशक तपेश कोटिया की शॉर्ट फिल्म बस स्टैंड की शूटिंग के लिए जयपुर आए राजेन्द्र गुप्ता ने पत्रिका प्लस से अपने अनुभवों को साझा किया।
उन्होंने कहा कि साउथ के सिनेमा में कंटेंट और रिसर्च पर महत्वपूर्ण तरीके से काम किया जाता है। प्रोडक्शन से लेकर प्रजेंटेशन आम लोगों को कनेक्ट करता है। बाहुबली आज 10 बार भी देख ली जाए तो बोर नहीं करेगी। बॉलीवुड अभी भी कॉपी करने की तरफ की बढ़ रहा है।
शॉर्टकट से नहीं मिलेगी सफलता
उन्होंने कहा कि आज के दौर में सभी शॉर्टकट से सफलता पाना चा रहे है, यानी कम समय में लोकप्रिय होना चाहते है। यहां लोग लोकप्रिय तो हो जाते है, लेकिन वे कब इस लाइमलाइट से गायब हो जाते है, पता ही नहीं चलता। मेरा मानना है कि मुम्बई के सपने देखने वाले युवा कड़ी मेहनत, सीखने की चाहत और लक के दम पर आगे बढ़ा जा सकता है। हालांकि मैं किसी को गाइड या ज्ञान देने की क्षमता नहीं रखता, लेकिन बॉलीवुड का अनुभन साझा कर सकता हूं। ओटीटी के चलते अब एक्टर के पास बहुत कुछ करने को है। किरदार के रूप में कई तरह से तैयारी के साथ काम करने को मिल रहा है।
12 माह 12 फिल्म कॉन्सेप्ट
दृश्च सिने प्रोडक्शन के बैनर तले फिल्म निर्माता निर्देशक तपेश कोटिया बस स्टैंड शीर्षक से अपनी पांचवी शॉर्ट फिल्म बारह माह बारह फिल्म सीरीज के तहत बना रहे है। उन्होंने बताया कि इसमें राजेन्द्र गुप्ता के साथ फिर लौट आई नागिन और कुमकुम भाग्य सीरियल की फेम एक्ट्रेस अमृता तंगानिया और क्राइम नेक्स्ट डोर की अभिनेत्री तृष्णा सिंह के साथ बीता कपूर और एडवोकेट सी सी रत्नू ने भी अभिनय किया है। फिल्मांकन योगेश शर्मा ने किया गया। क्रिएटिव निर्देशन विष्णु तंवर, श्रृंगार भुवनेश भटनागर, लाइट्स एजाज, बीटीएस चंद्र प्रकाश और सेट रन शुभम शर्मा ने किया गया।
Published on:
02 Nov 2022 01:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
