
manish
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ आप विधायकों की मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ की। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने मनीष सिसोदिया से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की और इस दौरान उनसे 100 से ज्यादा सवाल पूछे गए।
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि 3 घंटे तक चली पूछताछ
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ करने गए एडिशनल डीसीपी हरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य सचिव मारपीट केस को लेकर मनीष सिसोदिया से लगभग 3 घंटे पूछताछ की गई है। हरेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में मनीष सिसोदिया ने सहयोग किया। हालांकि, उन्होंने कुछ सवालों के जवाब नहीं दिए, जिन्हें आगे की जांच में देखा जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो आगे भी पूछताछ होगी। अभी सीसीटीवी फुटेज की फॉरेंसिक रिपोर्ट आनी बाकी है। मनीष सिसोदिया से जांच की दिल्ली पुलिस ने वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस इस पूछताछ के दौरान पूरी तरह संतुष्ट नजर आई, क्योंकि जिन 100 सवालों के जवाब मनीष सिसोदिया से मांगे गए, उनमें से ज्यादातर के जवाब उन्होंने दे दिए। आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता अतिशी मर्लेना ने कहा कि मुख्य सचिव मारपीट मामले में केजरीवाल सरकार को बदनाम किया जा रहा है। ये केस झूठा है। केंद्र सरकार के इशारे पर ये हो रहा है। हमारे नेताओं पर रोज फर्जी केस हो रहे हैं जिसमें हमें कोर्ट से हमेशा न्याय मिला है।
आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ से पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें एक खत लिखा था और उनसे उनकी सुविधा के मुताबिक वक्त मांगा था, लेकिन पहले तो उन्होंने मना कर दिया था। हालांकि बाद में उन्होंने शाम का वक्त पूछताछ के लिए मुनासिब समझा। मनीष सिसोदिया से उनके सरकारी आवास (एबी-17, मथुरा रोड) पर पूछताछ की गई।
मुख्यमंत्री से भी दिल्ली पुलिस ने की थी पूछताछ
आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी उनके आवास पर पहुंचकर पूछताछ की थी। पुलिस ने पिछले शुक्रवार को जब मुख्यमंत्री को पूछताछ के लिए बुलाया था उस समय उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने तंज कसते हुए ट्वीट किया था कि ‘अरे बाबू हमें क्यूं छोड़ दिया, हमें भी पूछताछ के लिए बुला लिया होता।’ अब दिल्ली पुलिस ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुला लिया है।
Published on:
26 May 2018, 8:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.