
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक में चुनावी अभियान के दौरान खुद को मुझ पर और मेरे पार्टी के नेताओं पर व्यक्तिगत हमले करने तक सीमित कर दिया और पार्टी राज्य में लोगों को क्या देना चाहती है, इस बारे में गंभीर नहीं दिखाई दी। राहुल ने यहां मीडिया से कहा कि हमने राज्य के समक्ष एक दृष्टिकोण रखा है, जबकि हमारे विपक्षियों ने खुद को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, मुझ पर और अन्य कांग्रेस नेताओं पर निजी हमले करने तक ही सीमित कर लिया।
उन्होंने कहा कि उन लोगों ने इस बारे में नहीं बताया कि वे कर्नाटक के लिए क्या करना चाहते हैं। जबकि, कांग्रेस राज्य के लिए क्या करना चाहती है, यह बिल्कुल स्पष्ट है। राहुल ने कहा कि हमने कुछ वादे किए और उन वादों को पूरा करके दिखाया। अब हमने ऐसा घोषणापत्र बनाया है जो सही मायने में यहां के लोगों की आवाज है। राहुल ने कहा कि वरिष्ठ पार्टी नेता वीरप्पा मोइली ने इस घोषणापत्र को तैयार किया है। उन्होंने पूरे प्रदेश की यात्रा की है, मुद्दों को एक साथ समेटने से पहले उन्होंने हजारों लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हमने उस निचोड़ को सामने रखा है जिसे लोग अगले पांच वर्षो के दौरान देखना चाहेंगे।
कर्नाटक: सीएम के गढ़ में अमित शाह की ललकार, कहा- बीजेपी को कोई रोकने वाला नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसके विपरीत, भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणापत्र बंद कमरे में तीन-चार दिन पहले बनाया। इसलिए उन लोगों में इस गंभीरता का अभाव है कि वह जनता के लिए क्या करना चाहते हैं..यह मुझे लगता है कि एक बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि कांग्रेस पार्टी यह चुनाव जीतने जा रही है। राज्य में 12 मई को होने वाले चुनाव से पहले अपने नौंवे चुनावी अभियान के चरण की समाप्ति के बाद राहुल ने कहा कि मैंने कुछ महीनों में पूरे कर्नाटक की यात्रा की है। यह एक सम्मान है...मैंने राज्य के लोगों, उनके उत्साह ओर उनके दृष्टिकोण से काफी कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बहुत अच्छा चुनाव अभियान चलाया, हम सब एक साथ खड़े हैं, हमारी पार्टी पूरी तरह से संगठित है और हमने यह चुनाव मूल बुनियादी मुद्दों पर लड़ा है। चुनाव के परिणामों की घोषणा 15 मई को की जाएगा।
Published on:
10 May 2018, 4:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.