script5 या 10 नहीं, 50 साल के लिए सत्ता में आई है बीजेपी: अमित शाह | Not 5 or 10 years BJP has come to power for 50 years: Amit Shah | Patrika News
राजनीति

5 या 10 नहीं, 50 साल के लिए सत्ता में आई है बीजेपी: अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भोपाल में कहा कि हमारी पार्टी 5 या 10 वर्ष के लिए नहीं, बल्कि 50 साल के लिए सत्ता में आई है।

Aug 19, 2017 / 09:24 am

kundan pandey

Amit Shah

Amit Shah

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भोपाल में कहा कि हमारी पार्टी 5 या 10 वर्ष के लिए नहीं, बल्कि 50 साल के लिए सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के भीतर यह भाव जागृत होना चाहिए, तभी देश में मूलभूत परिवर्तन हो सकता है। तीन दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंचे शाह ने पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों व जिला अध्यक्षों की बड़ी बैठक को संबोधित करते हुए कहा, पार्टी के कार्यकर्ताओं को अब आराम करने का अधिकार नहीं है, इस राष्ट्र में आमूलचूल सकारात्मक परिवर्तन देखना चाहते हैं तो हमें बिना थके, बिना रुके अपनी दिशा में आगे बढ़ते रहना है।
भाजपा के पास हैं 330 सांसद और 1387 विधायक
अमित शाह ने कहा, हम सत्ता में 5-10 साल के लिए नहीं, कम से कम 50 साल के लिए आए हैं। इस मन के साथ ही हमें आगे बढ़ते जाना है और इस विश्वास के साथ आगे बढ़ना है कि 40-50 साल की सत्ता के माध्यम से इस राष्ट्र में हम एक व्यापक परिवर्तन खड़ा करेंगे। अमित शाह ने आगे कहा, हमारे पास आज केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार है। 330 सांसद और 1387 विधायक हैं। हमें आज पार्टी सर्वोच्च स्थान पर दिखाई देती है। लेकिन 2014 की विजय को भी उत्कृष्ट कार्यकर्ता सर्वोच्च नहीं मानता है, इसलिए हमें इससे बहुत आगे जाना है।
कश्मीर से कन्याकुमारी और कामरूप से कच्छ तक हर बूथ को जीतना है
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया, कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कामरूप से कच्छ तक कोई बूथ ऐसा नहीं रहे, जहां हम न जीतें। देश ने हमारे ऊपर बहुत भरोसा किया है, इसलिए हमें भी अपने नागरिकों के भरोसे पर खरा उतरना है। शाह ने कहा कि पार्टी के भीतर विभाग और प्रकल्पों की रचना बदलते दौर की मांग पूरी करने का उत्कृष्ट माध्यम है। इन विभागों और प्रकल्पों की सक्रियता और दिशा पार्टी को अंत्यत सुखद अनुभूति प्रदान करेगी।
ये नेता रहे मंच पर
इस मौके पर मंच पर संगठन महामंत्री रामलाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गहलोत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, अनिल जैन और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान उपस्थित थे।
मीडिया से बात करने की सख्त मनाही, कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं
बैठक से निकले मंत्री गौरीशंकर शेजवार, विश्वास सारंग, सांसद प्रहलाद पटेल और विधायक बाबूलाल गौर ने साफ कहा कि उनसे कहा गया है कि मीडिया से बात नहीं करनी है। वहीं समन्वय भवन में आयोजित ‘नया भारत मंथन’ कार्यक्रम में अमित शाह ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, वहां सोनिया गांधी के बाद अध्यक्ष कौन होगा, सब जानते हैं। मगर बीजेपी में अमित शाह के बाद अध्यक्ष कौन होगा, यह कोई नहीं बता सकता, क्योंकि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है।

Home / Political / 5 या 10 नहीं, 50 साल के लिए सत्ता में आई है बीजेपी: अमित शाह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो