scriptMP Loksabha 2024 News: पहले चरण में 6 सीटों पर मुकाबला, छिंदवाड़ा पर है सभी की निगाहें, देखें पूरी डिटेल | lok sabha elections 2024 date madhya pradesh first phase voting april 19 | Patrika News
Politics

MP Loksabha 2024 News: पहले चरण में 6 सीटों पर मुकाबला, छिंदवाड़ा पर है सभी की निगाहें, देखें पूरी डिटेल

पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा, कुल 6 सीटों पर मतदान होगा…। कुल 1625 उम्मीदवार मैदान में है…।

भोपालApr 17, 2024 / 01:41 pm

Manish Gite

election commision of india
मध्यप्रदेश में चार चरणों में होने वाले मतदान के पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होने वाली है। इसमें महाकौशल और विंध्य की 6 लोकसभा सीटें शामिल हैं। यहां सभी राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी है। बुधवार को शाम 6 बजे बाद चुनाव का शोर नहीं सुनाई देगा। प्रथम चरण में महाकौशल और विंध्य की जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सीधी और शहडोल सीटों पर कुल 1625 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 134 महिलाएं भी शामिल हैं। इन सभी सीटों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही है।

पहले चरण में छिंदवाड़ा है हॉट सीट

पहले चरण के मतदान जिन 6 सीटों पर हो रहे हैं, उनमें सबसे हॉट सीट छिंदवाड़ा है। यह एक मात्र सीट ऐसी है जिसे भाजपा अब तक नहीं जीत पाई है और कांग्रेस ने इस सीट को बचाने में जोर लगा दिया है। इसी सीट पर प्रचार करने के लिए अमित शाह ने छिंदवाड़ा में रोड शो किया था। यहां से भाजपा के बंटी साहू उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस के वर्तमान सांसद नकुलनाथ दोबारा से प्रत्याशी बनाए गए हैं। यह सीट इसलिए भी खास है कि पूर्व सीएम कमलनाथ का गढ़ है। इसी सीट से कमलनाथ 9 बार कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं।

बालाघाट में त्रिकोणीय संघर्ष

इधर, आदिवासी बहुल सीट मानी जाने वाली बालाघाट में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति है। शहडोल लोकसभा में आठ सीटे हैं। नवंबर 2023 के चुनाव में सात पर भाजपा और एक पर कांग्रेस की जीत हुई थी। पुष्पराजगढ़ से कांग्रेस के फुंदेलाल सिंह मार्को को जीत मिली थी। शहडोल लोकसभा सीट पर भाजपा की वर्तमान सांसद हिमाद्री सिंह का मुकाबला कांग्रेस की एकमात्र विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को से हो रहा है।

सीधी लोकसभा में राजेश मिश्रा मैदान में

विंध्य क्षेत्र की सीधी सीट पर भाजपा ने इस बार डा. राजेश मिश्रा को उतारा है। जबकि यहां से कांग्रेस ने कमलेश्वर पटेल को उतारा है। इस बार भाजपा ने रीति पाठक का टिकट काट दिया था। साल 2019 में रीति पाठक को बंपर जीत मिली थी और कांग्रेस के अजय सिंह राहुल को हार का सामना करना पड़ा था। कुल 6 लाख 98 हजार 342 वोट हासिल हुए थे, जबकि अजय सिंह को 4 लाख 11 हजार 818 वोट मिले थे। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रीति पाठक को उतारा था, वे विधानसभा चले गई तो अन्य ब्राह्मण चेहरा डा. राजेश मिश्रा को टिकट दिया गया।

जबलपुर में आशीष दुबे के सामने दिनेश यादव

जबलपुर लोकसभा सीट 1996 से आज तक भाजपा के पास है। इस बार भाजपा ने नए चेहरे पर दांव खेला है। चार बार के सांसद राकेश सिंह विधानसभा चुनाव में जीतकर मंत्री बन गए, इसके बाद भाजपा ने आशीष दुबे को मौका दिया। उनका मुकाबला दिनेश यादव से हो रहा है। कांग्रेस ने यहां ओबीसी कार्ड खेला है। जबलपुर में कुल 19 प्रत्याशी मैदान में है।

सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

प्रदेश में पहले चरण में 6 सीटों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में 19 अप्रेल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इन क्षेत्रों में 17 अप्रेल की शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्रों बैहर, लांजी और परसवाड़ा में सुबह 7 से शाम 4 बजे तक ही मतदान होना है, इसलिए इन क्षेत्रों में 17 अप्रेल को शाम 4 बजे से ही चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया,लोकसभा क्षेत्र में मतदान समाप्ति के लिए तय समय के 48 घंटे पहले से चुनाव प्रचार बंद करने का प्रावधान है। प्रचार खत्म होने के बाद तय समय- के बाद बाहरी व्यक्ति क्षेत्र से निकल जाएंगे।

चौथा चरण: 8 सीटों पर नामांकन 18 से

चौथे चरण में प्रदेश के 8 लोकसभा क्षेत्रों में 18 अप्रेल से नामांकन भरे जाएंगे। इन सीटों में देवास (अजा), उज्जैन (अजा), मंदसौर, रतलाम (अजजा), धार (अजजा), इंदौर, खरगौन (अजजा) व खंडवा हैं। नामांकन 25 अप्रेल तक दाखिल हो सकेंगे। 29 तक नाम वापसी हो सकती है। चौथे चरण के लिए 13 मई को मतदान होगा।

Hindi News/ Politics / MP Loksabha 2024 News: पहले चरण में 6 सीटों पर मुकाबला, छिंदवाड़ा पर है सभी की निगाहें, देखें पूरी डिटेल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो