
mobile online
बिलासपुर. टेलीग्राम (Telegram) सोशल मीडिया एप में केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षक को 2 करोड़ रुपए कमाई कराने का झांसा देकर 21 लाख से अधिक ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। मामले में 2 आरोपी फरार हैं। पुलिस ने ठगों के बैंक एकाउंट में 21 लाख से अधिक की रकम फ्रीज की है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
बिलासा गुड़ी में मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी पारुल माथुर ने बताया कि अमलेश लहरी (55) केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें टेलीग्राम एप में अज्ञात व्यक्ति ने कंपनी में पैसे लगाने पर अधिकतम लाभ प्राप्त होने का झांसा दिया। शिक्षक उसके झांसे में आ गए। ठग ने उन्हें टेलीग्राम एप पर मेंटोरा रामा एप का लिंक भेज कर डाउनलोड करने को कहा गया।
डाउनलोड करने के बाद कंपनी में पैसे लगाने पर फायदा होने की बात कही। आरोपी ने किस्तों में 21 लाख 53 हजार रुपए ऑनलाइन जमा करवा लिए। फिर दो करोड़ रुपये प्रॉफिट की बात कही। पर दस लाख रुपए जमा करवाने पर ही उक्त प्रॉफिट भेजने की बात कही। शिक्षक ने अपने पास और रकम नही होने की बात कही तो ठगों ने उन्हें रुपए देने से मना कर दिया। ठगी का एहसास होने पर शिक्षक ने तोरवा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। एसीसीयू प्रभारी हरविंदर सिंह और तोरवा के तत्कालीन प्रभारी फैजुल होदा शाह के द्वारा ठगी की रकम जिन खातों में गयी है, उसके खाताधारकों की जानकारी जुटाई गई।
आरोपियों से यह सामान जब्त
राहुल सुथार 19 वर्ष, राजकुमार उर्फ राजू सिंधी 38 साल, हेमराज बैरवा उम्र 25 साल, दीपेश वैष्णव 19 साल को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जितेंद्र तेजवानी निवासी भिनय राजस्थान व पंकज निवासी दिल्ली फरार है। आरोपियों से एक नग लैपटॉप, 4 नग मोबाइल, 6 नग विभिन्न बैंक के एटीएम, 1 पेटीएम कार्ड व चेकबुक बरामद की गई है।
Published on:
8 Dec 2022, 11:10 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.