
घर सील होने के 28 घंटे बाद पहुंची सीएम की उप सचिव सौम्या, 8 बजे से होगी जांच
रायपुर। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया के घर आई टी सील होने के करीब 28 घंटे बाद सौम्या चौरसिया रविवार रात सामने आ गईं। सौम्या ने भिलाई स्थित घर पहुंचकर दरवाजे पर चस्पा आयकर विभाग का नोटिस पढ़ा। उसके बाद वे पड़ोस में स्थित अपने मां के घर चलीं गईं। पत्रिका से बातचीत में उन्होंने बताया, उनकी आयकर अधिकारियों से बात हुई है। वे लोग सुबह 8 बजे तलाशी के लिए पहुंचेंगे। उनके आने पर वे घर पर मौजूद रहेंगी। सौम्या के पति सौरभ मोदी शनिवार रात की घर पहुंच गए थे। तब तक अधिकारी भिलाई से जा चुके थे।
रविवार सुबह करीब 10 बजे उन्होंने आयकर अधिकारियों को फोनकर तलाशी लेने के लिए बुलाया। अफसरों ने जल्दी आने कहा, लेकिन शाम तक नहीं पहुंचे। मोदी अपने सील हुए घर के बाहर दिन भर इंतजार करते रहे। वहां तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने मोदी को घर के बाहर ही रोक दिया। एनटीपीसी में इंजीनियर सौरभ मोदी ने बताया कि आयकर विभाग के छापेमारी की जानकारी उन्हें नहीं थी। दबिश दिए जाने के दौरान वह शहर से बाहर थे। जैसे ही उन्हें सूचना मिली वह भागते हुए पहुंचे हैं। उनकी पत्नी सौम्या से फोन पर शनिवार को बातचीत हुई थी। वह इस समय कहां पर है उसे जानकारी नहीं है। वह अधिवक्ताओं से सलाह लेने के बाद जल्दी ही वापिस लौटेंगी।
शनिवार को सील हुआ था घर
आयकर विभाग के अधिकारियों ने सौम्या चौरसिया के घर के बाहर 26 घंटे तक इंतजार किया था। उसके बाद शनिवार शाम घर को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया था।
दूसरे ठिकानों पर कार्रवाई पूरी
इधर आयकर विभाग ने पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांढ़, बिल्डर कमलेश जैन, डॉ. ए. फरिश्ता, चार्टड एकांउटेंट संजय संचेती, अमर साधवानी, आबकारी विभाग के ओएसडी एपी त्रिपाठी, कारोबारी गुरूचरण सिंह होरा, मीनाक्षी टुटेजा, शराब कारोबारी अमोलक सिंह भाटिया, ठेकेदार संजय दीवान और सिद्धार्थ सिंघानिया के घर की तलाशी पूरी कर ली है। इन सभी के ठिकानों से सुबह करीब 4 बजे से लेकर रविवार दोपहर तक सामान समेटकर अधिकारियों के निकलने का सिलसिला जारी था। रायपुर में लेबर ठेकेदार विजय अग्रवाल के नहीं मिलने के बाद उनके तीन फ्लैट सील कर दिए गए हैं। रविवार को तीन अधिकारी वहां दोबारा गए थे। किसी के नहीं होने पर टीम वहां से लौट गई है।
टीम के रवाना होने के संकेत
जांच पूरी करने के बाद अब आयकर अधिकारियों की टीम वापस लौटने की तैयारी में जुटी है। सूत्रों का कहना है कि सभी दस्तावेजों को विमान से दिल्ली ले जाया जाएगा। वहीं कुछ दस्तावेजों को जांच के लिए आयकर विभाग के स्थानीय कार्यालय में छोडऩे की जानकारी भी मिली है।
Published on:
01 Mar 2020 09:58 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
