महिला ने रायपुर में पत्रकारवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष कौशिक पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। महिला के मुताबिक 2017 में वो अपनी बहन के यहां बिलासपुर (Bilaspur) गई थी। नेता प्रतिपक्ष के निमंत्रण पर अपनी बहन के साथ वे कौशिक के बंगले में आयोजित होली (Holi) मिलन समारोह में शामिल होने पहुंची थी। वहां कई अफसर मौजूद थे। इस वजह से उन्हें अंदर बैठने के लिए कहा गया। बाद में जब कौशिक अंदर पहुंचे तो उन्होंने होली की बधाई देते हुए रंग लगाने का प्रयास किया।
महिला का आरोप है कि उनके मना करने के बावजूद नेता प्रतिपक्षने कौशिक ने आपत्तिजनक तरीके से गुलाल लगाया और फिर गलत इशारे करके पास बुलाने की कोशिश की। इतने दिनों तक चुप रहने के सवाल पर महिला ने कहा, उनके घरवालों ने इस बात को बोलने से मना कर दिया था। महिला का कहना है कि जब कौशिश की तरफ से प्रकाश बजाज के मुद्दे पर राजनीतिक साजिश की बात कही गई, इसलिए मीडिया के सामने पूरी बात बताई।
गौरतलब है कि महिला ने रविवार को भाजपा नेता और सीडी मामले में शिकायतकर्ता रहे प्रकाश बजाज के खिलाफ छेडख़ानी का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने प्रकाश बजाज को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
भाजपा बोली, आधारहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित आरोप छेडख़ानी के आरोप के बाद पार्टी नेता प्रतिपक्ष के बचाव में सामने आ गई है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी ने आरोपों की निंदा करते हुए कहा, यह आरोप आधारहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा, उस महिला का राजनीतिक बदले के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
पहले तो सीडी कांड की दिशा मोडऩे के लिए भाजपा कार्यकर्ता प्रकाश बजाज के खिलाफ छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया। नैतिक पतन की पराकाष्ठा यह है कि अब नेता प्रतिपक्ष पर झूठा आरोप लगवाकर उनकी चरित्र हत्या का षडयंत्र रचा जा रहा है। सार्वजनिक जीवन में कौशिक पर कभी भी किसी भी तरह का आरोप नहीं लगा।
उनका संपूर्ण जीवन खुली किताब की तरह है। नारी शक्ति का सम्मान करते हुए उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा देने वाले कौशिक पर घृणित आरोप लगाए जाना बदलापुर की राजनीति का नया अध्याय है। यह भाजपा का चरित्र नहीं है कि कोई नेता किसी भी महिला के साथ अभद्र व्यवहार करे। यह आचरण तो षड्यंत्रकारियों को विरासत में मिला है।