scriptजरूरी नहीं है तो कतई घर से नहीं निकलें, वरना लू जकड़ लेगी | raisen, dont go out of home, heat stroke will capture | Patrika News
रायसेन

जरूरी नहीं है तो कतई घर से नहीं निकलें, वरना लू जकड़ लेगी

पारा 44 पर, एक पखवाड़ा रहेगा गर्मी का कहर। डॉक्टरों की सलाह माने और सुरक्षित रहें।

रायसेनMay 16, 2022 / 08:40 pm

praveen shrivastava

जरूरी नहीं है तो कतई घर से नहीं निकलें, वरना लू जकड़ लेगी

जरूरी नहीं है तो कतई घर से नहीं निकलें, वरना लू जकड़ लेगी

रायसेन. मानसून से पहले अपने अंतिम माह में गर्मी कहर बरपा रही है। अब तापमान लू के स्तर पर पहुंच गया है। बीते दो दिन से अधिकतम तापमान 44 डिग्री या उसके आस-पास बना हुआ है। तापमान का यह स्तर यानि लू चल रही है। जिससे बचने के उपाय करना बेहद जरूरी है। लापरवाही बरतने पर यह जानलेवा भी हो सकती है। डॉटर बताते हैं कि अव्वल तो लू से बचने के प्रयास करना चाहिए, इसके बाद भी यदि लू लग जाए तो तत्काल इलाज कराना चाहिए।
रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री पर पहुंच गया था, हालांकि सोमवार को 0.2 डिग्री की कमी आई, और अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार मई माह के अंत तक इसी तरह भीषण गर्मी पड़ेगी। लिहाजा राहत की उम्मीद कम ही है। अगले कुछ दिन लू का खतरा बना रहेगा।
बचाव में ही सुरक्षा: डॉ. एमएल अहिरवार
जिला अस्पताल में मेडीकल आफिससर डा. एमएल अहिरवार का कहना है कि लू से बचाव में ही सुरक्षा है। वर्तमान में लू चल रही है। जिससे बचने के लिए यह उपाय करना चाहिए।
– पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
– दिन में कम से कम 12 से 15 गिलास पानी जरूर पिएंं।
– आम का पना, नीबू का पानी एवं प्याज के रस का उपयोग करें।
– बाहर निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा और सिर ढककर रखें। पानी साथ में जरूर रखें। आंखों पर काला चश्मा लगाएं।
– पहनने के लिए सूती कपड़ों का अधिक उपयोग करें।
– हल्का शीघ्र पचने वाला भोजन करें।
ये भूल कर भी नहीं करें: डॉ. विनोद परमार
जिला अस्पताल में आरएमओ डॉ. विनोद परमार का कहना है कि भीषण गर्मी में लू बचने के लिए कुछ सावधानियां रखना जरूरी है। यदि सावधानियां बरतीं तो फिर बचाव संभव है।
– खाली पेट घर से बाहर बिल्कुल न जाएं।
– धूप में खड़े होकर पानी नहीं पिएं।
– घर में आकर तुरंत पानी नहीं पिएं, पसीना सूखने और शरीर का तापमान कमरे के तापमान के बराबर होने पर पानी पिएं।
– फ्रिज का पानी पीने से बचें।
– घर से बाहर होटल का तला, भुना कुछ भी नहीं खाएं।
– बासी भोजन कतई न खाएं।
– कूलर या एसी वाले कमरे से तुरंत बाहर न जाएं।
लू लग जाए तो क्या करें
लू के लक्षण जैसे मितली आने, गला सूखने तथा बुखार का प्रकोप होने जैसा लगे तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क कर उचित उपचार कराएं।
– मौसमी फल, फल का रस, दही, म_ा, जीरा छाछ, जलजीरा, आम का पना पिएं।
– तेज बुखार होने पर सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें।

Home / Raisen / जरूरी नहीं है तो कतई घर से नहीं निकलें, वरना लू जकड़ लेगी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो