
राजनांदगांव. मनीलांड्रिंग का काम करने वाले शहर के ब्रोकर महावीर चौरडिय़ा ने ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी के पहले उसने अपना एक ऑडियो वायरल किया जिसमें उसने शहर के दो उद्योगपतियों पर उसे रुपयों के लिए तंग करने का आरोप लगाया है।
दरअसल, घटना शनिवार की रात करीब नौ बजे की है। राजनांदगांव के कामठी लाइन निवासी महावीर शहर के उद्योगपतियों की रकम को इधर से उधर करने और ब्याज पर चलाने का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से वह लगातार परेशान चल रहा था। ब्रोकर ने अपने सुसाइडल नोट में नोटबंदी और जीएसटी के चलते काम में पैसा नहीं आने का जिक्र किया है।
अपने पत्र में उसने कहा है कि उसका 70 से 75 करोड़ रुपए रुक गए हैं, इससे वह बेहद परेशान है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है। फिलहाल पुलिस सुसाइडल नोट ओर आडियो की जांच में जुटी है।
राजनांदगांव कोतवाली टीआई याकूब मेमन ने कहा कि पीएम कराकर परिजनों को बॉडी सौंप दी गई है। आडियो मैसेज और सुसाइडल नोट मिला है। इस मामले की जांच कर और शामिल लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करेंगे।
सुसाइडल नोट मिला
खुदकुशी करने वाले महावीर के पास से पुलिस को एक सुसाइडल नोट भी मिला है। इस पत्र में भी महावीर ने आडियो में कहे गए व्यापारियों के नाम का जिक्र करते हुए अपनी आत्महत्या की वजह इनको बताया है।
लगेगी गैर जमानती धारा
आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला प्रमाणित होने पर धारा 306 के तहत मामला दर्ज होगा। कोतवाली टीआई मेमन ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों का भी बयान लिया जाएगा और सभी बिंदुओं की जांच के बाद इस मामले में अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा।
आडियो में यह
खुदकुशी के पहले आडियो मैसेज में महावीर ने नोटबंदी और जीएसटी के चलते पूरे कारोबार में दिक्कत पैदा होने की बात की है। उसने कहा कि वह अपनी जिंदगी से थक गया है। अपने व्यापारियों को पैसा नहीं दे पा रहा है। नोटबंदी-जीएसटी के कारण पैसा नहीं आ रहा है। उसने डोंगरगांव रोड में स्थित धनलक्ष्मी पेपर मिल के मालिक विनोद लोहिया और उसके भाई अशोक लोहिया के अलावा सोमनी के पास स्थित तेल कंपनी कमल साल्वेंट के कमल मूंदड़ा का नाम भी आडियो में लिया है।
उसने कहा है कि शहर से कई लोगों के रूपए वो चला रहा था लेकिन लोहिया भाईयों ने उसके 70 से 75 करोड़ रूपए रोक लिए जिसकी वजह से उसे यह कदम उठाना पड़ रहा है। महावीर ने 3 मिनट 29 सेंकड के अपने आडियो मैसेज में इन तीन व्यापारियों के नाम का कई बार जिक्र करते हुए अपने से जुड़े बाकी व्यापारियों से कहा है कि उनके भाई और रिश्तेदार उनके रुपए लौटा देंगे।
Updated on:
12 Feb 2018, 1:27 PM IST
Published on:
12 Feb 2018, 1:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.