राजसमंद

दो गुटों में बंटे कार्यकर्ता : कुम्भलगढ़ में दसाणा ने खोला परमार के विरुद्ध मोर्चा

- नारेबाजी से विरोध जता पर्यवेक्षक वीरेन्द्र सिंह को अपने समर्थकों के बीच बुलाया, पर्यवेक्षक बोले- शक्ति प्रदर्शन से नहीं मिलेगा टिकट

2 min read

चारभुजा. कुंभलगढ़ विधानसभा सीट पर आमेट व कुंभलगढ़ क्षेत्र से टिकट की दावेदारी को लेकर शनिवार को पर्यवेक्षक व राजस्थान सहप्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने नीमड़ी स्थित एक गेस्ट हाउस में संगठन पदाधिकारियों को बारी-बारी से बुलाकर रायशुमारी की।पर्यवेक्षक अलग-अलग रायशुमारी कर ही रहे थे कि इस बीच पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार के समर्थक निजी गेस्ट हाउस के बाहर बैठे रहे, वहीं पूर्व प्रधान सूरत सिंह दसाणा के समर्थक नीमड़ी स्थित मंदिर प्रांगण में डटे रहे। पर्यवेक्षक राठौड़ के सूरत सिंह दसाणा के खेमे में आने से मना करने के बाद समर्थकों ने नारेबाजी कर दी। कार्यकर्ताओं ने उनके बीच आने का दबाव बनाया। काफी गहमागहमी के बाद पर्यवेक्षक राठौड़ सूरत सिंह दसाणा समर्थकों के बीच पहुंचे। समर्थकों ने सूरत सिंह दसाणा के समर्थन में नारेबाजी की।

- पूर्व विधायक पर जड़े आरोप

पर्यवेक्षक के सामने दसाणा के समर्थकों ने आरोप लगाया कि कि संगठन में सभी पद पर पूर्व विधायक ने अपने चहेतों को दे रखे हैं, जबकि जनता की मांग है कि कांग्रेस को इस सीट से जीतना है तो वंशवाद को समाप्त करना होगा। उन्होंने दसाणा को टिकट देने की मांग की। पर्यवेक्षक ने उन्हें सुनकर कहा, मैं बात आगे तक रखूंगा। जिताऊ दावेदार को ही टिकट मिले, यह पार्टी की पूरी मंशा रहेगी।

पत्रिका से बातचीत में बोले- जीते-हारे...सबसे की है बात

पर्यवेक्षक राठौड़ ने राजस्थान पत्रिका से बातचीत में कहा कि जयपुर कांग्रेस मुख्यालय ने उनके जिम्मे आए क्षेत्रों के 116 दावेदारों की सूची दी है। अब केवल उन्हीं से बातचीत की जाएगी। यहां दावेदारों ने संख्या बल का प्रदर्शन किया। अब संख्या बल की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि बंद कमरे में आमेट-कुंभलगढ़ के ब्लॉक अध्यक्ष, 11 मंडल अध्यक्षों के अलावा 2005 से 2023 तक हाथ के निशान पर चुनाव लड़े पूर्व अध्यक्ष, पंचायत समिति पूर्व सदस्य, पूर्व जिला परिषद सदस्य, वर्तमान में जीते हुए जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्यों से बातचीत की है। जीते तथा हारे हुए सभी लोगों में से किसकी प्रबल दावेदारी रहेगी, कौन प्रत्याशी इस सीट को निकाल पाएगा, पार्टी कैसे जीतेगी, दो बार हारने का क्या कारण रहा, विधानसभा में जातीय समीकरण क्या है, इन सब बिंदुओं पर मंथन किया जा रहा है।

ये भी थे मौजूद

रायशुमारी के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरि सिंह राठौड़, कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षक भीम सिंह चुंडावत, पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार, प्रदेश सचिव योगेंद्र सिंह परमार, वरिष्ठ कार्यकर्ता दिलीप सिंह राव, पूर्व जिला परिषद सदस्य हरीश सुथार, ओबीसी जिला अध्यक्ष ललित गुर्जर, पूर्व प्रधान सत्यनारायण देवपुरा, पूर्व प्रधान सूरत सिंह दसाणा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शक्ति सिंह सोलंकी, देवी सिंह सोलंकी, पर्वत सिंह सोलंकी, युवा कांग्रेस वैभव उपाध्याय, आमेट नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश मेवाड़ा व कई संगठन पदाधिकारी मौजूद थे।

Published on:
10 Sept 2023 09:05 am
Also Read
View All

अगली खबर