सागर. बैंकों ने तो आधार कार्ड लिंक कराने के लिए समय सीमा तय कर दी है, लेकिन उपभोक्ताओं के लिए यह मुसीबत बन गई है। क्योंकि अधिकांश उपभोक्ताआें के आधार कार्ड में कई त्रुटियां हैं, जिनके कारण बैंक त्रुटिपूर्ण आधार स्वीकार नहीं कर रही है और शहर में आधार कार्ड बनाने वाले अधिकांश प्रायवेट सेंटर बंद कर दिए गए हैं। तकनीकी रूप से सक्षम उपभोक्ता तो अपने आधार की खामी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से दूर कर लेंगे, लेकिन अंचलों के अशिक्षित या कम पढ़े लिखे लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी आ रही है। शासन की ओर से डाक विभाग के मुख्यालय पर आधार कार्ड बनाने और सुधार कार्य का काम शुरू किया है, लेकिन यहां भी लंबी-लंबी लाइनें देखने में मिल रहीं हैं। एेसे में बैंकों द्वारा तय किए गए मार्च 31 तक के समय में बैंक खाते में आधार लिंक होना मुश्किल नजर आ रहा है।