सागर. गुरुवार रात रानगिर से लौटते समय फोरलेन हाइवे पर हादसे की चपेट में आए युवक का शव मोतीनगर थाने के सामने रखकर परिजनों ने प्रदर्शन किया। चौराहे पर प्रदर्शन से काफी देर तक वाहनों के पहिए थमे रहे। परिजन हादसे के बाद अज्ञात वाहन की पहचान नहीं कर पाने से नाराज थे। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल और आश्वासन के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने राजी हुए।
जानकारी के अनुसार विवेकानंद वार्ड में रहने वाला सनी पुत्र कालू बंसल (23) गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ कार से रानगिर गया था। वहां से रात में वापस लौटते समय वे एक ढाबे पर रुके और वहां भोजन करने के बाद जब सड़क की लेन बदल रहे थे तभी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सनी और उसके साथी घायल हो गए। उन्हें देर रात एम्बलुेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां सनी ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम उपरांत शव सौंपा जिसे लेकर परिजन मोतीनगर चौराहे पर बैठ गए। परिजन सुरखी पुलिस द्वारा हादसे के कई घंटे बाद भी टक्कर मारकर भागे वाहन की तलाश न कर पाने से आक्रोशित थे। वे वाहन की तलाश कर चालक के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
मोतीनगर चौराहे पर प्रदर्शन से कुछ ही देर में आवागमन ठप हो गया और वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद भी परिजन चौराहे से हटने राजी नहीं हुए। ऐसे में खबर लगने पर नगर निगम अध्यक्ष व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे जहां काफी देर तक चली चर्चा और अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन सड़क से हटकर शव का अंतिम संस्कार करने तैयार हुए। इस दौरान काफी देर तक चौराहे पर अफरा- तफरी मची रही।
-दो युवकों की मौत से आक्रोशित भीड़ ने सागर- गढ़ाकोटा मार्ग पर लगाया जाम :गुरुवार को रानगिर मंदिर से दर्शन के बाद लौटते समय बस की टक्कर से दुर्घटना की चपेट में आए बाइक सवार युवकों की मौत का आक्रोश शुक्रवार को सागर- गढ़ाकोटा मार्ग पर दिखा। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर चक्काजाम कर दिया जिससे वाहनों की कतारें लग गई। खबर लगने पर एसडीओपी अशोक चौरसिया व गढ़ाकोटा टीआई रजनीकांत दुबे मौके पर पहुंचे और काफी समझाइश के बाद लोगों को सड़क से हटने राजी किया। गुरुवार को गढ़ाकोटा के छपरा में रहने वाले नीरज अहिरवार और ओमपाल बंसल देवी मंदिर में दर्शन करने रानगिर गए थे। वहां से लौटते समय दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। इस घटना से दोनों युवकों के परिजन व ग्रामीणों में काफी नाराजगी थी।