scriptसंबल में फर्जीवाड़ा! गलत खातों में कर दिया 12 करोड़ का भुगतान | Fraud in Sambal! 12 crores paid into wrong accounts | Patrika News
सतना

संबल में फर्जीवाड़ा! गलत खातों में कर दिया 12 करोड़ का भुगतान

एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कार्पोरेशन से हुआ गड़बड़झाला

सतनाJun 11, 2024 / 10:24 am

Ramashankar Sharma

sambal
सतना। संबल योजना में फर्जीवाड़े की बू आ रही है। प्रदेशभर के 572 गलत खातों में 10 मार्च को 1144 लाख का भुगतान हो गया है। यह गड़बड़ी एमपीएसईडीसी (मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कार्पोरेशन) स्तर पर हुई। जब तक गलत भुगतान का पता चला तब तक बड़े पैमान पर राशि निकाली जा चुकी थी। हालांकि गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही संबंधित बैंक खातों को होल्ड करवा दिया गया है। जो राशि निकाल ली गई है उसकी रिकवरी के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर के अधिकारियों की मानें तो उनकी रिकवरी अब आसान काम नहीं है।
संबल योजना के तहत पात्र हितग्राही जिनकी सामान्य मृत्यु होती है उन्हें नियमों के अनुसार 2 लाख रुपए की सहायता राशि शासन द्वारा दी जाती है। इसके लिए संबंधित निकाय द्वारा पूरा परीक्षण किया जाता है। हितग्राही के संबंधित खाते, आईएफएससी कोड की जानकारी दी जाती है और खाते में राशि का भुगतान किया जाता है। 10 मार्च 2024 को संबल योजना के हितलाभ का वितरण सिंगल क्लिक से किया गया, लेकिन हितलाभ वितरण के दौरान एमपीएसईडीसी स्तर पर बड़ी तकनीकी गड़बड़ी हो गई। अनुग्रह राशि वास्तविक हितग्राहियों को न जाकर अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में चली गई।
सतना में 18 गलत खातों में गई राशि

सतना जिले के 18 व्यक्तियों के गलत खातों में राशि पहुंची है। इसमें जनपद पंचायत मझगवां के 3, जनपद मैहर के 3, जनपद अमरपाटन के 2, जनपद रामपुर बाघेलान के 1, जनपद नागौद के 3, जनपद सोहावल के 3, नगर परिषद बिरसिंहपुर के 1. नगर निगम सतना के 1, नगर परिषद अमरपाटन के 1 खाते में गलत राशि पहुंची है। इसमें से चार हितग्राहियों ने राशि निकाल ली है।
गड़बड़ी पर चुप्पी

इस मामले में जिम्मेदारों ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली है। पत्रिका ने श्रम विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने भी कारण को लेकर अनभिज्ञता जताई। यह जरूर कहा है कि शासन से रिकवरी के आदेश के अनुसार इसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वहीं जनपद और श्रम विभाग के अधिकारियों से जब यह पूछा गया कि जिन वास्तविक हितग्राहियों की राशि किसी अन्य के खाते में चली गई है, ऐसे में वास्तविक हितग्राही को लाभ कब तक मिलेगा, इस पर भी वे कुछ बता पाने में असमर्थ नजर आए।
” संबंधित निकायों को सूची सौंपी गई है। जिन गलत खातों में राशि पहुंची है, उनकी रिकवरी के लिए कहा गया है।” – हेमंत डेनियल, सहायक श्रमायुक्त सतना संभाग

“श्रम विभाग से पत्र मिला था। संबंधित खातों में राशि होल्ड कराई गई है। एक खाते से राशि निकाल ली गई है। उसकी रिकवरी की प्रक्रिया की जाएगी।” – अशोक मिश्रा, सीईओ जनपद सोहावल

Hindi News/ Satna / संबल में फर्जीवाड़ा! गलत खातों में कर दिया 12 करोड़ का भुगतान

ट्रेंडिंग वीडियो