
सतना। सांसद गणेश सिंह ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी, जल जीवन मिशन, कृषि कल्याण, विद्युत कंपनी सहित वन विभाग के पौधरोपण की समीक्षा की। उन्होंने स्मार्ट सिटी के कामों को यूजलेस बताते हुए नाराजगी जाहिर की। बैठक में सीवर पर उनका दर्द भी छलका। कहा, इस काम की वजह से तो मैं विधानसभा चुनाव हार गया। समीक्षा बैठक में सांसद सिंह ने कहा कि स्मार्ट सिटी के काम यूजलेस हैं। साइकिल ट्रैक पर दुकानें खुली हुई हैं। कोई देखने वाला नहीं है। नेक्टर झील में शादी घर बनवा रहे हैं। यहां लोग सुकून के क्षण व्यतीत करने आएंगे, ऐसे में शादी घर की अनुमति कैसे दी जा रही है। यह पूरी तरह से गलत है। बंबू रेस्टोरेंट हटा दिया गया। ये सब क्या हो रहा है। हवाई अड्डा की सड़क पर पानी भर रहा है। आज तक विद्यापीठ वाली सड़क सही तरीके से पूरी नहीं हो पाई। साइड शोल्डर नहीं डाले जा रहे हैं। ऐसे काम होते हैं। सभी काम सही तरीके से करें और इन्हें जनता के लिए जनोपयोगी बनाएं। इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, कलेक्टर सतना अनुराग वर्मा, कलेक्टर मैहर रानी बाटड, डीएफओ विपिन पटेल, जिपं सीईओ संजना जैन, निगमायुक्त शेर सिंह मीना सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सीवर से छवि खराब हुई
सीवर लाइन के काम पर सांसद ने काफी नाराजगी जाहिर की। कहा, जिस तरीके से यह काम हो रहा, उससे जनता काफी नाराज है। पूरे काम की छवि खराब हो गई है। रेस्टोरेशन का तरीका काफी खराब है। सड़कें दब रही हैं। संविदाकार मैन पावर बढ़ाकर बरसात के समय सीवर लाइन का काम सुरक्षित तरीके से शीघ्र पूरा कराएं। काम ऐसा करवाएं कि जनता के बीच छवि बने और लोगों की नाराजगी दूर हो।
फ्लाई ओवर की लाइट कहां गई
लाखों रुपए खर्च कर फ्लाई ओवर और ओवरब्रिज पर लगाई गई तिरंगा लाइट पर भी सवाल पूछे। पूछा कि ये लाइटें जल क्यों नहीं रही हैं। इसका अधिकारियों की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं आया। सांसद ने कहा कि इसे ठीक करवाएं। सुंदरता के लिए इन्हें लगाया गया है तो इनकी उपयोगिता साबित होनी चाहिए। ऐसे छोड़ नहीं दें। खेरमाई नाला सहित प्रमुख नालों के पास सौंदर्यीकरण कर यहां चेयर लगाने के निर्देश दिए। कहा, जहां अतिक्रमण है उन्हें हटाएं।
निगम का दायरा बढ़ाने की प्रक्रिया प्रारंभ करें
सांसद ने कहा कि अब निगम का दायरा बढ़ाने की प्रक्रिया प्रारंभ करें। 25 किलोमीटर तक दायरा बढ़ाने की रूपरेखा तय करें। रीवा की ओर रामवन तक तथा भरजुना मंदिर तक के हिस्से को निगम में शामिल किया जाना चाहिए। इसी तरह नागौद रोड पर भी और चारों ओर परीक्षण किया जाए।
बनाएं महापुरुषों का पार्क
सांसद ने कहा कि एक महापुरुषों का पार्क बनाया जाए। इस पार्क में चौराहे की मूर्तियां स्थापित की जाएं। इसके लिए हवाई अड्डे के पास स्थल तलाशा जा सकता है। इससे न केवल सुगम यातायात उपलब्ध होगा बल्कि एक स्थल पर मूर्तियां होने से स्थल की महत्ता भी बढ़ेगी। इनके विशेष अवसरों पर आयोजन भी किए जा सकेंगे।
कलेक्ट्रेट में नहीं लग सकेगी लिफ्ट
समीक्षा के दौरान बताया गया कि निगम कार्यालय में लिफ्ट लगाई जानी है। इस पर कलेक्टर कार्यालय में लिफ्ट लगाने की बात उठी। तब कहा गया कि यहां लिफ्ट लगाने की जगह नहीं है। सुझाव आया कि बाहर की ओर से लिफ्ट लगाई जा सकती है। हालांकि इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका।
अब नहीं होंगे पुरवा कैनाल में काम
सांसद ने कहा कि पुरवा कैनाल की नहरों से विभिन्न गांवों में पानी नहीं जा पा रहा है। मेरे खुद के गांव में पानी नहीं आ रहा है। इस पर बताया गया कि ऊपर से यथास्थिति काम बंद करने के आदेश आए हैं। फंड नहीं होने से अब कोई नए काम नहीं हो सकेंगे। सांसद ने दौरी सागर बांध की जानकारी ली तो बताया गया कि वन भूमि की समस्या है। बदले में जो राजस्व भूमि दी जानी है वह अभी नहीं दी जा सकी है।
इतने कम पेड़!
वन विभाग के पौधरोपण की समीक्षा में सांसद चौंक गए। एक पेड़ मां के नाम पर रोपित पौधों की संख्या 4824 बताई गई। इसमें भी मैहर के मौदहा में 2, नकतरा में 4, मझगवां के पटनी में 5 पेड़ लगाना दिखाना गया था। इस तरह दो दर्जन स्थल ऐसे थे जहां वन विभाग दहाई के आंकड़े भी पौधरोपण में पार नहीं कर सका था। इस पर सांसद ने आपत्ति जाहिर की। तब कलेक्टर ने सफाई देते हुए बताया कि यह अभियान के तहत लगाए गए पौधे हैं, वैसे वन विभाग 12 लाख पौधे लगा रहा है। सांसद ने कहा कि पौधरोपण और प्रोजेक्ट कार्यों के लिए जमीन की सहज उपलब्धता के लिए वन भूमि और राजस्व की जमीन को चिन्हाकित कर उसे सुरक्षित किए जाने का अभियान चलाएं। हरियाली अमावस्या के लिए वृहद पौधरोपण की कार्ययोजना बनाने कहा।
ये सब मत बताओ, बताओ बिजली कितनी सप्लाई हो रही है
बिजली की समीक्षा के दौरान अधिकारी आरडीएसएस योजना की जानकारी देने लगे। उन्हें रोकते हुए सांसद ने कहा कि यह सब मत बताओ। आपूर्ति की बात करो। जहां जाओ बिजली की ही शिकायत मिलती है। ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा रहे हैं। नागौद और चित्रकूट के विधायक फोन कर विद्युत समस्या पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। इन सब में सुधार करो। फीडर सेपरेशन में मैन पावर की कमी पर सांसद भड़क गए। कहा, यह ठेकेदार का काम है। ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाइए, कोई एहसान कर रहा है क्या? शहर में मेंटीनेंस के 3 स्थलों को बढ़ा कर 6 स्थल तैयार करने का प्रस्ताव बनाने कहा।
जल निगम की आंकड़े बाजी
बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना की समीक्षा में अधिकारी ने बताया कि 122 गांवों में नल से जल पहुंचा रहे हैं। सांसद ने कहा कि आंकड़े तो 163 के दिए हैं। इस पर अधिकारी घुमाने लगे। तभी जिपं अध्यक्ष ने कहा कि कहीं भी पानी नहीं पहुंच रहा है। सुलखमा में टंकी के पास पानी नहीं पहुंच रहा, नादौ में पानी नहीं जा रहा है। सांसद ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसे दुरुस्त करने कहा।
मोटे आनाज को प्रोत्साहन दें
कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 38 फीसदी बोवनी हो गई है। वर्षा की स्थिति को देखते हुए सांसद ने किसानों को मोटे अनाज की खेती के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। खाद और बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। बरगी परियोजना के भू-अर्जन में तेजी लाने कहा। जिले की वृहद परियोजनाओं की अपडेट जानकारी के साथ सिंचित एरिया और लाभान्वित ग्रामों की संख्या उल्लेख कर प्रदर्शन बोर्ड भी लगाने कहा।
Published on:
19 Jul 2024 01:12 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
