मध्यप्रदेश के सतना जिले में रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी सभा होने वाली थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं। राहुल गांधी की तबीयत बिगड़ने के कारण उनके सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। वे रविवार को दोपहर में 2 बजे सतना आने वाले थे। चुनावी सभा से कुछ देर पहले ही यह राहुल गांधी के आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (jitu patwari) ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर यह जानकारी दी है। राहुल गांधी की जगह अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (mallikarjun kharge) सतना पहुंचने वाले हैं। राहुल गांधी सतना में चुनावी सभा को संबोधित करने वाले थे। पिछले छह माह में राहुल गांधी दूसरी बार सतना आने वाले थे।
कांग्रेस के चुनाव कार्यालय के मुताबिक राहुल गांधी पहले विशेष विमान से मध्यप्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट पर उतरने वाले थे, वहां से वे हेलीकाप्टर के जरिए सतना पहुंचते। दोपहर में राहुल की सभा सतना में रखी गई थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा है कि जननायक आदरणीय राहुल गांधीजी अस्वस्थ होने के कारण आज सतना नहीं आ पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष और हमारे वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगेजी से सतना जाने के लिए अनुरोध किया है।
जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के प्रति गहरा सम्मान भाव रखने वाले मल्लिकार्जुन खरगे ने तुरंत ही सतना में कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार सिद्धार्थ कुशवाहा के समर्थन में होने वाली चुनावी सभा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर ली है। पटवारी ने कहा कि राहुलजी शीघ्र ही नए कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश की जनता से रूबरू होंगे।
भोजपा ने कसा तंजः इधर, राहुल के कार्यक्रम निरस्त होने के बाद भाजपा को तंज कसने का मौका मिल गया है। भाजपा नेता हितेश बाजपेयी ने एक्स पर लिखा है कि राहुल का मध्यप्रदेश से मोह भंग? सतना सभा के लिए आज क्यों किया मना? क्या जीतू के तेल न भराने से नाराज हैं राहुल?