scriptआईटीबीपी और विशेष सशस्त्र बल की आठ कंपनियों ने संभाला मोर्चा | ITBP and Special Armed Forces Handle Front | Patrika News
सीहोर

आईटीबीपी और विशेष सशस्त्र बल की आठ कंपनियों ने संभाला मोर्चा

जवानों ने संवेदनशील क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर किया शक्ति प्रदर्शन

सीहोरMay 09, 2019 / 01:20 pm

Satish More

news

ITBP and Special Armed Forces Handle Front

सीहोर. सीहोर जिले की चार विधानसभा सीट में से तीन सीहोर, बुदनी और इछावर में १२ मई को मतदान होगा। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए चुनाव के चार दिन पहले से ही आईटीबीपी और विशेष सशस्त्र बल की आठ कंपनी ने मोर्चा संभाल लिया है। चार कंपनी आईटीबीपी और चार विशेष सशस्त्र बल की हैं। सीहोर जिले के पास सेना के अलावा करीब ८०० मध्यप्रदेश पुलिस के जवान हैं। दो सौ जवान भोपाल से मिले हैं।

बुधवार को इछावर, सीहोर और बुदनी विधानसभा क्षेत्र में एक साथ सुरक्षा बलों ने एरिया डोमिनेशन चलाया। संवेदनशील क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव ने बताया कि एक कंपनी में करीब 120 जवान होते हैं, इस हिसाब से तीन विधानसभा में चुनाव कराने के लिए पर्याप्त बल मिल गया है। चुनाव के लिए सुरक्षा की दृष्टि से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चार आईटीबीपी की कंपनी को दोराहा, बुदनी और नसरुल्लागंज में तैनात किया है, वहीं चार विशेष सशस्त्र बल की कंपनी रीवा और जबलपुर से आई हैं, इन्हें सीहोर और आसपास के क्षेत्र में तैनात किया है। एएसपी यादव ने बताया कि बुधवार को नसरुल्लागंज के शहरी क्षेत्र और लाड़कुई, गोपालपुरा, इधर श्यामपुर क्षेत्र में दोराहा और बरखेड़ाहसन व सीहोर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया है।

दो चरण में होगा चुनाव
सीहोर जिला तीन लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। सीहोर विधानसभा भोपाल लोकसभा और बुदनी, इछावर विदिशा लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। इन तीन विस में १२ मई को मतदान होगा। आष्टा विधानसभा देवास संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है, यहां १९ मई को मतदान होगा।
१० के बाद बाहरी व्यक्ति को किया जाएगा बाहर
लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों की निगरानी शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी बाहरी व्यक्तियों को १० मई के बाद जिले की सीमा से बाहर किया जाएगा। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में १२०५ पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिसमें से करीब २६० संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं।

लोकसभा चुनाव के लिए आठ कंपनी मिल गई हैं। करीब 800 मध्यप्रदेश पुलिस के जवान हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सभी कंपनी क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं। 10 मई को सभी बाहरी व्यक्ति लोकसभा क्षेत्र से बाहर किए जाएंगे।
समीर यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर

Home / Sehore / आईटीबीपी और विशेष सशस्त्र बल की आठ कंपनियों ने संभाला मोर्चा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो