
सिवनी. राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाडा द्वारा मार्च-अप्रैल 2026 से आयोजित स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा नए कोर्स के अनुसार होगी। विश्वविद्यालय से संबद्ध सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना के कॉलेजों में अध्यययन स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को इसी के आधार पर परीक्षा देनी होगी। बता दें कि शासन ने अध्यादेश 14(1) लागू किया है। जिसके अनुसार विद्यार्थियों को 3 मेजर, 2 माइनर मल्टीडिसिप्लीनरी विषय, 1 कौशल संवर्धन विषय (वोकेशनल कोर्स), योग्यता संवर्धन पाठ्यक्रम (आधार पाठ्यक्रम) और 1 मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम (भारत बोध) का सैद्वांतिक (थ्योरी) पेपर देना होगा। इसके साथ ही प्रोजेक्ट वर्क, इंटर्नशिप, एप्रिंटिसशिप, कम्यूनिटी इंगेजमेंट में से कोई एक लेना अनिवार्य होगा। वहीं विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘आरआरएसयू छिंदवाड़ा’ मोबाइल ऐप लांच कर दिया है। विद्यार्थियों इस ऐप को प्लेस्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यह ऐप विषेष तौर पर विद्यार्थीयों की सुविधा को देखते हुए लांच किया गया है। विद्यार्थी यूजर नेम और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर सकेंगे एवं परीक्षा फार्म भरने के साथ ही फीस का भुगतान घर बैठे कर सकेंगे। भविष्य में विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम एवं डिजीटल अंकसूची भी इसी ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी होंगी।
आधार पाठ्यक्रम की परीक्षा पद्वति में भी बड़ा बदलाव
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. इन्द्र प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि अध्यादेष 14 (1) स्नातक प्रथम के आधार पाठ्यक्रम की परीक्षा पद्वति में बड़ा बदलाव किया गया है। पूर्व की शिक्षा नीति में आधार पाठ्यक्रम के 2 पेपर होते थे जो कि 100 अंक के होते थे और सभी प्रश्न आब्जेक्टिव टाइप (वस्तुनिष्ठ) पूछे जाते थे। पिछले चार सत्र के परीक्षा परिणाम के अवलोकन में बात सामने आई कि आधार पाठ्यक्रम में सर्वाधिक विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री आती थी। 2026 की प्रथम वर्ष की परीक्षा में आधार पाठ्यक्रम के अंतर्गत हिन्दी और अंग्रेजी के पेपर होंगे, जिसमें लघुउत्तरी और दीर्घउत्तरीय 100 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे एवं प्रश्न पत्र हल करने की समयावधि 2 घंटे की होगी। इसके साथ ही वैल्यू एडेड कोर्स भारत बोध भी 100 अंक का होगा। ये तीनों पेपर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएससी(होम साइंस) के लिए अनिवार्य होंगे।
कॉलेजों में बनाए जाएंगे हेल्प डेस्क
विश्वविद्यालय से संबद्ध सिवनी सहित अन्य जिलों के कॉलेजों में विश्वविद्यालय ने हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे विद्यार्थियों को मोबाइल ऐप से परीक्षा फॉर्म भरने की सभी जानकारी दी जाएगी। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्यों को भी प्रशिक्षण दिया यगा है।
आज से भरे जाएगें परीक्षा फॉर्म
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. धनाराम उइके ने बताया कि वर्ष 2025-2026 की वार्षिक परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरे जाने की शुरुआत 4 फरवरी से हो रही है। बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएससी(होम साइंस)प्रथम वर्ष के परीक्षा फॉर्म 4 फरवरी से भरे जाएंगे। इसके पश्चात चतुर्थ, तृतीय एवं द्वितीय वर्ष के परीक्षा फॉर्म भरे जाएंगे।
तृतीय वर्ष की परीक्षा मार्च से संभावित
विश्वविद्यालय द्वारा तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष की परीक्षा मार्च माह के अंतिम सप्ताह से कराने की तैयारी कर रहा है। तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर कक्षा में प्रवेश लेना होता है इसलिए विश्वविद्यालय मार्च में परीक्षा आयोजित कर शीघ्र परीक्षा परिणाम जारी करने का प्रयास करेगा।
श्री बादल भोई फैलोशिप एवं कुॅ. रघुनाथ शाह फैलोशिप प्रारंभ
विश्वविद्यालय द्वारा श्री बादल भोई एवं कुॅ. रघुनाथ शाह के समय भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य, शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान परंपरा, संस्कृति-कला रूपों के साथ ही बुद्धिकौशल तथा तकनीक के प्रमाणिक स्वरूप को सामने लाने और राष्ट्रीय सांस्कृतिक एकता, एकात्म राष्ट्रीय जीवन तथा देश के मध्य विद्यमान सांस्कृतिक, सामाजिक समरूप और आत्मगौरव को प्रकट करने के उद्देश्य से विविध पक्षों, घटनाओं, व्यक्तियों और प्रवृत्तियों पर शोध कार्य करने वाले शोधार्थी को एक वर्ष के लिए श्री बादल भोई एवं कुॅ. रघुनाथ शाह फैलोशिप प्रदान की जाएगी।
Published on:
04 Feb 2026 11:54 am

बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
