
शिवपुरी/करैरा. मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर लोकायुक्त के शिकंजा कसने का सिलसिला लगातार जारी है। आए दिन प्रदेश में कहीं न कहीं रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारी पकड़े जा रहे हैं लेकिन इसके बाद भी रिश्वतखोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला शिवपुरी के करैरा का है जहां 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने पंचायत सचिव को गिरफ्तार किया है। पंचायत सचिव चाट-फुल्की के ठेले पर खड़े होकर ये रिश्वत ले रहा था।
1 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने शिवपुरी जिले की करैरा जनपद पंचायत के ग्राम सिलरा के पंचायत सचिव नरेंद्र सिंह सोलंकी को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोर पंचायत सचिव नरेन्द्र सिंह ने गांव के सरपंच से निर्माण कार्यों का भुगतान कराने के बदले 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। जिसकी शिकायत सरपंच के बेटे ने ग्वालियर लोकायुक्त से की थी। लोकायुक्त टीम ने पहले शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर जाल बिछाकर रिश्वतखोर पंचायत सचिव को रंगेहाथों धरदबोचा।
चाट फुलकी के ठेले पर ले रहा था रिश्वत
लोकायुक्त टीम ने सरपंच को रिश्वत के एक लाख रुपए लेकर सचिव नरेन्द्र सिंह के पास भेजा। नरेन्द्र सिंह ने एक चाट-फुल्की के ठेले पर सरपंच को रिश्वत देने के लिए बुलाया था जहां पर पहले से ही लोकायुक्त टीम के सदस्य सादी वर्दी में मौजूद थे। जैसे ही सचिव ने रिश्वत के रुपए लिए सादी वर्दी में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। रिश्वत लेते पकड़ाने पर सचिव नरेन्द्र सिंह इस कदर घबरा गया कि उसके हाथ से नोट छूटकर जमीन पर गिर गए।
देखें वीडियो-
Published on:
11 May 2022 02:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
