scriptलोकसभा चुनाव से पहले वोटरों से जुड़ने की कोशिश, घर- घर जायेंगे भाजपा कार्यकर्ता | Bjp will connect with voters through voter list campaign | Patrika News
सिद्धार्थनगर

लोकसभा चुनाव से पहले वोटरों से जुड़ने की कोशिश, घर- घर जायेंगे भाजपा कार्यकर्ता

सरकार की उपलब्धियों व भावी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे भाजपा कार्यकर्ता

सिद्धार्थनगरJun 18, 2018 / 06:45 pm

Akhilesh Tripathi

Bjp Meeting

भाजपा की बैठक

सिद्धार्थनगर. लोक सभा चुनाव को लेकर भाजपा कोई चूक नहीं करना चाहती है। इसके लिए अब मतदाता सूची में वोटरों का नाम शामिल कराने के बहाने भाजपा के लोग घर घर जाएंगे। इस बहाने नए वोटरों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही उन्हें सरकार की उपलब्धियों व भावी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके।
सोमवार को जिला मुख्यालय पर कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के सभी पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। शहर के रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।
जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला के दौरान जिला प्रभारी दुर्गा राय ने बताया कि 23 जून से शुरू होने वाला मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा। इस दौरान सभी बूथों पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसके माध्यम से बूथ के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मिलकर शत प्रतिशत वोटरों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना होगा। इसके लिए नए मतदाता के लिए फार्म भी भराया जाएगा।
फार्म को सभी तहसील मुख्यालयों पर जमा कराया जाएगा जिससे कि नए वोटरों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। इसके लिए उन्होंने पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी। सांसद जगदम्बिका पाल ने बताया कि इस अभियान को पूरे मनोयोग से लगकर पूरा करना होगा। जिससे शत प्रतिशत वोटरों का नाम सूची में शामिल किया जा सके। इसके माध्यम से लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस कार्य को सभी को व्यक्तिगत रूचि लेते हुए पूरा करना होगा। सदर विधायक श्यामधनी राही ने भी पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफलता से होने वाले फायदों के बारे में जानकारी दी। जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के कार्यों के बारे में जानकारी दी।
क्षेत्रीय मंत्री गोविन्द माधव, पुनरीक्षण कार्यक्रम के जिला प्रभारी राजेश त्रिपाठी, विधानसभा प्रभारी कन्हैया पासवान ने कार्यक्रम के दौरान की जाने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान दीपक मौर्या, राजेन्द्र त्रिपाठी, राम निवास यादव, शिव शरन चौरसिया आदि मौजूद रहे।
BY- SURAJ KUMAR

Home / Sidharthnagar / लोकसभा चुनाव से पहले वोटरों से जुड़ने की कोशिश, घर- घर जायेंगे भाजपा कार्यकर्ता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो