scriptशिक्षा रूपी धन कभी खत्म नहीं होता, इसलिए शिक्षा वर्तमान समय की जरुरत – जाट | Wealth in the form of education never ends, so education is the need o | Patrika News
सिरोही

शिक्षा रूपी धन कभी खत्म नहीं होता, इसलिए शिक्षा वर्तमान समय की जरुरत – जाट

डीएमएफटी फण्ड से एक करोड़ की लागत से निर्मित बालिका विद्यालय भवन का राजस्व मंत्री ने किया उद्घाटन

सिरोहीNov 25, 2022 / 03:41 pm

MAHENDRA SINGH VAGHELA

शिक्षा रूपी धन कभी खत्म नहीं होता, इसलिए शिक्षा वर्तमान समय की जरुरत - जाट

शिक्षा रूपी धन कभी खत्म नहीं होता, इसलिए शिक्षा वर्तमान समय की जरुरत – जाट

शिवगंज. प्रदेश के राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने कहा कि शिक्षा वह धन है जो कभी खत्म नहीं हो सकता। इसलिए वर्तमान समय में शिक्षा बेहद जरुरी है। क्योकि आने वाले समय में अधिकांश कार्य ऑनलाइन होंगे। ऐसे में जिसने शिक्षा अर्जित की है, उसे सरकार की सभी योजनाओं की सटीक जानकारी मिल सकेगी, अन्यथा वह पिछड़ जाएगा। जाट गुरुवार को शिवगंज उपखंड मुख्यालय पर डीएमएफटी फण्ड के तहत निर्मित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
जाट ने कहा कि देश में राजस्थान एकमात्र राज्य ऐसा है जहां सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया है। सरकार अब बच्चों को उच्च अध्ययन के लिए विदेश में पढ़ने के लिए भेज रही है। अब तक सरकार की ओर से 237 बच्चे विदेश में अध्ययन के लिए भेजे गए है। उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी अभिनव योजनाओं की जानकारी आपको जब होगी, तब आपके घर में शिक्षा होगी। बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एक बेटी दो घरों का नाम रोशन करती है। आज कई प्रतिभावान बेटियों का नाम इतिहास में दर्ज है। इस मौके पर जाट ने विधायक संयम लोढ़ा के अपने क्षेत्र में किए गए बेहतर विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विधायक अपनी बात को विधानसभा में बड़ी प्रखरता से रखते है। जिस क्षेत्र का जनप्रतिनिधि इतना प्रखर है उसके लिए सत्ता या विपक्ष में रहना कोई मायने नहीं रखता। अब यह आप लोगों की जिम्मेदारी है कि इस प्रकार के व्यक्तियों को आप राजनीति में जिंदा रखें। उन्होंने राऊडी राठौड फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि आदमी को जिंदा रहने के लिए एक सौ वर्ष की उम्र की आवश्यकता नहीं होती। काम ऐसा करें जिसे लोग हजारों साल याद रखें और विधायक लोढ़ा ऐसा ही कार्य कर रहे है।
लोगों की पीड़ा व तकलीफ को समझे, वहीं सही अर्थ में शिक्षा

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि शिक्षा कोई डिग्री नहीं है और शिक्षा कोई नौकरी नहीं है। शिक्षा का अर्थ केवल अधिकारी एवं कर्मचारी बनना नहीं है। शिक्षा का अर्थ है कि दूसरों की तकलीफ से रूबरू होकर उसकी तकलीफ में सहयोगी होने का भाव लेना। जो शिक्षा उन लोगों की पीडा व तकलीफ को समझ सके, वहीं सही अर्थ में शिक्षा है।
जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन सबसे महत्वपूर्ण है। इसकी कीमत को पहचाने। यह इस बात को तय करने का समय है कि आप आगे चलकर क्या बनना चाहते है। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढावा देने की भी बात कही। प्रधानाचार्य हनुवंतसिंह महेचा ने भी संबोधित करते हुए स्वागत उद्बोधन दिया। मंच संचालन सोमप्रसाद साहिल ने किया।
विद्यालय के नवीन भवन का किया उद्घाटन

इससे पूर्व राजस्व मंत्री के विद्यालय परिसर पहुंचने पर एनएसएस की छात्राओं ने उन्हें सलामी दी तथा बैंड की धुन पर मार्च पास्ट करते हुए उन्हें विद्यालय के नवीन भवन तक लाया गया। जहां राजस्व मंत्री जाट एवं विधायक लोढ़ा ने विधिवत रूप से फीता काट कर भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार नीरज कुमारी, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष महलावत, गंगा कलावंत, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक परमार, अधिशासी अधिकारी नीलकमल सिंह, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश राठौड, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश मीना, सेवादल जिलाध्यक्ष कुशलसिंह देवडा, एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह राव, पूर्व उप प्रधान मोटाराम देवासी, कोमल परिहार, जूली चौहान, ममता चित्तारा, कमल चित्तारा, डॉ रवि शर्मा, योगेश वैष्णव, पार्षद अल्पेश माली, जयंतिलाल सोनी, जगवीरसिंह टीटू, हबीब शेख, नारायणलाल परिहार, पेंशनर्स समाज अध्यक्ष रघुनाथराम मीना, जयसिंह राठौड, सहवृत सदस्य राजेन्द्र माली, महेन्द्र राठौड, अरविंद परारिया, सनातन धर्म महिला सेवा समिति अध्यक्ष उषा अग्रवाल, महादेव महिला सेवा समिति अध्यक्ष उषा सोनी, ओमबाला परिहार सहित कई गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं बालिकाएं उपस्थित थे।

Home / Sirohi / शिक्षा रूपी धन कभी खत्म नहीं होता, इसलिए शिक्षा वर्तमान समय की जरुरत – जाट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो