scriptभारत ने सर्जिकल स्ट्राइक से दिए ये बड़े संदेश | These are the messages that india has given by surgical strike | Patrika News
खास खबर

भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक से दिए ये बड़े संदेश

एलओसी पर जाकर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद वैश्विक राजनीति में भारत की स्थिति काफी मजबूत होगी

Sep 30, 2016 / 12:17 pm

Rakesh Mishra

surgical strike

surgical strike

नई दिल्ली। एलओसी पर जाकर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद वैश्विक राजनीति में भारत की स्थिति काफी मजबूत होगी। भारत की इस दहाड़ के बाद दुनियाभर में यह संदेश जाएगा कि भारत अब वह देश नहीं रहा, जो केवल अहिंसा और शांति की ही बातें करता है। अब भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए कार्रवाई भी कर सकता है और जवाबी कार्रवाई भी।

पाक को समझ आएगा, भारत सिर्फ बयानबाजियां नहीं करता
भारत के इस ऑपरेशन के बाद अब पाकिस्तान को भी पता चल गया होगा कि भारत सिर्फ बयानबाजियां नहीं करता, बल्कि वह जो कहता है करके भी दिखाता है। हाल-फिलहाल में पाकिस्तान को इस बात का भ्रम हो गया था कि भारत बातों के सिवाय कुछ नहीं करता, इसलिए वो आतंकियों का बहाना लेकर भारत की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहा था। इस सैन्य कार्रवाई के बाद अब उसे भी सबक मिल गया होगा। आगे कुछ भी करने से पहले वह सौ बार सोचेगा। उसे अब पता चल गया होगा कि अगर वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो इसके घातक परिणाम उसे भुगतने होंगे।

सैन्य कार्रवाई के बाद विश्व मंच पर मिलेगी नई पहचान
यह देखा गया है कि जिस देश की सैन्य ताकत ज्यादा होती है, विश्वमंचों पर उसकी बात ज्यादा सुनी जाती है। इस लिहाज से पाकिस्तान जैसे परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र की सीमा में घुस कर भारत द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के बाद भारत को विश्व मंचों पर हल्के में नहीं लिया जाएगा।

बदल रही है विदेश नीति
जैसे-जैसे भारत की सैन्य शक्ति बढ़ रही है, वैसे-वैसे हमारी विदेश नीति भी बदल रही है। विदेश नीति पर भारत की बढ़ती सैन्य शक्ति का सीधा असर दिख रहा है। निश्चित रूप से अगर किसी देश की सैन्य शक्ति मजबूत होती है तो उसकी विदेश नीति भी मजबूत होगी। ठीक वैसे ही, जैसे अगर किसी देश की सेना कमजोर हो तो उसकी विदेश नीति भी उसी अनुसार होती है।

बन सकता है आतंक विरोधी मुहिम का अगुआ
इस सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत आतंकवाद विरोधी मुहिम का अगुवा बन सकता है। फ्रांस, अमरीका, ब्रिटेन समेत आतंकवाद से पीडि़त तमाम पड़ोसी देश बांग्लादेश, नेपाल, भूटान हमारे साथ आ जाएंगे। पूरा का पूरा दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश, जहां-जहां आतंकवाद फैल रहा है, वह भारत के साथ खड़ा हो जाएगा। सेना ने पहले ही बोल दिया था, वक्त भी हमारा होगा और जगह भी और सच में उसने ऐसा करके भी दिखाया।

प्रफुल्ल बख्शी, रक्षा व विदेश मामले के जानकार

Home / Special / भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक से दिए ये बड़े संदेश

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो