
दो साल से बेटे को देखने के लिए तरसे मां-बाप, प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक लगाई गुहार
सुलतानपुर. दो साल से गायब अपने लाडले बेटे की तलाश में एक माता-पिता दर-दर भटक रहे हैं। वे पुलिस से अपने बेटे की गुमशुदगी की तलाश के लिए गुहार लगाते हैं, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी बेटे का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित पिता त्रिभुवन नाथ पाठक ने अपने बेटे को आखिरी बार 6 जून, 2017 को अपने चचेरे भाई के साथ देखा था। पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके भाई ने बेटे को गायब किया है।
चचेरे भाई पर पिता का आरोप
पीड़ित पिता त्रिभुवन नाथ का कहना है कि उनके चचेरे भाई राज कुमार पाठक और उनके रिश्तेदार संजय चौबेे अपने साथ ले गए। दो-तीन दिन बेटे से बात करवाने के बाद गायब कर दिए। फोन करने पर आनाकानी करते रहे और लगभग 25 दिन बाद बेटे के गायब होने की खबर दी। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटे के गायब होने से पहले राज कुमार पाठक मुझसे बात करना बंद कर दिया था। उनका आरोप है कि दोनों लोगों ने उनके बेटे को गायब कर दिया है। दोनों ने उसके साथ कोई घटना घटित की है। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस राज कुमार पाठक और संजय चौबेे का साथ दे रही है। त्रिभुवन नाथ दो सालों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मानवाधिकार आयोग सहित पुलिस प्रशासन से बेटे की बरामदगी की फरियाद कर चुके हैं।
पुलिस से पीड़ित की आस
मामले की विवेचना कर रहे हलियापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित का बेटा कर्नाटक गया था जहां 25 दिन बाद वह गायब हो गया। उसकी गुमशुदगी का मुकदमा कर्नाटक के भिन्गी थाने में दर्ज है और पीड़ित ने इस तथ्य को छुपाया है। नवागत पुलिस कप्तान हिमांशू कुमार से पीड़ित त्रिभुवन नाथ ने मिलकर अपने बेटे को जिन्दा या मुर्दा बरामद करने की फरियाद की है। पीड़ित पाठक का कहना है नए कप्तान से आस लगी है कि हमारे बेटे को जल्द ही ढूढ निकालेंगे।
Published on:
12 Jun 2019, 7:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.