scriptसंस्कृत को समर्पित सम्मान राशि, भावुक हुआ हर विद्वान | prize money dedicated for sanskrit, scholors overwhelmed | Patrika News
उदयपुर

संस्कृत को समर्पित सम्मान राशि, भावुक हुआ हर विद्वान

उदयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ३० विद्वानों का सम्मान, संस्कृत साधना शिखर सम्मान राजेन्द्र दास देवाचार्य को, सम्मानित होने वालों में 13 विद्वानजन एवं 17 विद्यार्थी शामिल

उदयपुरAug 25, 2018 / 02:02 am

Manish Kumar Joshi

prize-money-dedicated-for-sanskrit-scholors-overwhelmed

संस्कृत को समर्पित सम्मान राशि, भावुक हुआ हर विद्वान

उदयपुर . मंत्र व वेदोच्चारण के बीच संस्कृत की गंगा इस तरह बही कि आसपास का वातावरण भी शुद्धता से महक गया। वक्ताओं के मुख से निकली देववाणी ने माहौल को संस्कृतमय बना दिया। एक अनूठा मौका, संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर के मोहनलाल सुखाडि़या विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राज्य स्तरीय विद्वत सम्मान समारोह में रहा। इस मौके पर प्रदेश के ३० से अधिक विद्वानों को नवाजा गया। संस्कृत के विकास व भावी पीढ़ी को अधिकाधिक ज्ञान देने की मंशा से संस्कृत साधना शिखर सम्मान से नवाजे गए राजेन्द्रदास देवाचार्य ने सम्मान की राशि एक लाख में अपनी तरफ से ११ हजार और मिलाकर संस्कृत शिक्षा के उत्थान के लिए विभाग को पुन: अर्पित कर दी। तालियों की गडग़ड़ाहट ने उनके सम्मान में कोई कसर नहीं रखी तो उपस्थितजन भी भावुक हो गए। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल थे। अध्यक्षता उच्च एवं तकनीकी व संस्कृत शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने की। विशिष्ट अतिथि मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी शर्मा, वैदिक कल्लाजी विश्वविद्यालय चित्तौडग़ढ़ के कैलाश मून्दड़ा एवं पुष्करदास महाराज ने संस्कृत का महत्व बताया।
इनका किया सम्मान
समारोह में 13 विद्वानजन एवं 17 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसमें संस्कृत साधना शिखर सम्मान स्वरूप 1 लाख रुपए का पुरस्कार राजेन्द्र दास देवाचार्य को प्रदान किया गया। वहीं संस्कृत साधना सम्मान राशि स्वरूप 51 हजार का पुरस्कार पण्डित सत्यदेव शर्मा व यादवेन्द्र द्विवेदी को दिया गया। संस्कृत विद्वान सम्मान के रूप में 31 हजार रुपए का पुरस्कार सोहनलाल शर्मा, देवकृष्ण जोशी, सुरेन्द्र कुमार द्विवेदी, राजेश कुमार जोशी, ईश्वर भट्ट व पंडित निकुंज मोहन पंड्या को प्रदान किया गया तथा संस्कृत युवा प्रतिभा पुरस्कार स्वरूप 21 हजार रुपए की राशि परमानन्द शर्मा, डॉ भेषराज शर्मा, साध्वी सुमन जोशी व बालयोगी चेतन नाथ को प्रदान की गई।
प्रतिभावान विद्यार्थी भी नवाजे
विश्वविद्यालय स्तर : विश्वविद्यालय परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वालों में जयपुर की पूनम गुप्ता, अंकिता शर्मा व जिज्ञासा भारद्वाज, राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान जयपुर की वेदान्ती सिंह, जयपुर की जया तम्बोली, जोधपुर की अनुश्रुति दुबे, कोटा की दीपिका बंसल, बीकानेर की दिव्या सिंह चारण, उदयपुर की प्रेमलता आमेटा, अजमेर की चेतना चपलोत को 2500-2500 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया।
माध्यमिक स्तर : वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा 2018 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय करौली की शालू शर्मा को 2500 रुपए, द्वितीय स्थान के लिए राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय बसेड़ी धौलपुर की सोनल पचैरी को 2000 रुपए तथा तृतीय स्थान के लिए राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय मुडरू सीकर की गजेन्द्र कुमार पालीवाल को 1500 रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।
प्रवेशिका परीक्षा : 2018 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर राजकीय प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय बांसी बूंदी की श्रद्धा जैन व राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय साबुवाना हनुमानगढ़ की पूजा को 2500-2500 की राशि, द्वितीय रहने पर लक्ष्मीनारायण प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय सिकरोरी भरतपुर की सुदीप कुमार के लिए 2000 रुपए तथा तृतीय स्थान के लिए राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय गणेश्वर सीकर की सुशीला कुमावत को 1 हजार 500 रुपए का पुरस्कार दिया गया।

Home / Udaipur / संस्कृत को समर्पित सम्मान राशि, भावुक हुआ हर विद्वान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो