scriptलोकसभा चुनाव 2019- सपा ने तय किया मोदी के खिलाफ कौन होगा उम्मीदवार, अखिलेश यादव करेगे बड़ा धमाका | Akhilesh yadav Final candidate for varanasi Official announce Soon | Patrika News
वाराणसी

लोकसभा चुनाव 2019- सपा ने तय किया मोदी के खिलाफ कौन होगा उम्मीदवार, अखिलेश यादव करेगे बड़ा धमाका

पदाधिकारी लखनऊ तलब, महत्वपूर्ण बैठक में होगी घोषणा।

वाराणसीMar 14, 2019 / 03:09 pm

Ajay Chaturvedi

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

डॉ अजय कृष्ण चतुर्वेदी

वाराणसी. लोकसभा चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद हर दल प्रत्याशियों की सूची जारी करने लगे हैं। सपा की एक सूची पहले ही आ चुकी है। कांग्रेस दो सूची जारी कर चुकी है। ऐसे में अब समाजवादी पार्टी भी अपनी दूसरी सूची को लगभग अंतिम रूप दे चुकी है। घोषणा एकाध दिन में हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस सूची में बनारस का भी नाम होगा। यहां यह भी बता दें कि सपा-बसपा गठबंधन के तहत वाराणसी सीट समाजवादी पार्टी के खाते में आई है।
यूपी की हाईप्रोफाइल सीटों में बनारस ही एक ऐसी संसदीय सीट है जिसके लिए अब तक विपक्ष ने अपना पत्ता नहीं खोला है। उधर भाजपा संसदीय दल की बैठक में यह तय कर लिया गया है कि नरेंद्र मोदी ही बनारस से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे। ऐेसे में विपक्ष को किसी कद्धावर नेता की तलाश है जो मोदी को टक्कर दे सके। पिछली बार यानी 2014 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने टक्कर दी थी। कांग्रेस, सपा, बसपा उम्मदीवार तो बहुत पीछे थे। ये पांच अंक तक भी मत नहीं पा सके थे।
अब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं, ऐसे में उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह बनारस संसदीय सीट से दावेदार नहीं होंगे। जहां तक सपा-बसपा का सवाल है तो दोनों ही मिल कर यूपी में चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन के तहत वाराणसी सीट सपा के खाते में है लेकिन अभी तक उसने पत्ता नहीं खोला है। कांग्रेस की ओर से भी अभी तक पत्ता नहीं खोला गया है। यह दीगर है कि कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी खास तौर पर जिला अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने पत्रिका से बातचीत में यह दावे के साथ कहा कि प्रत्याशी स्थानीय ही होगा और वही होगा जिसने जिला कमेटी को आवेदन किया है। आवेदन न करने वाले पर विचार नहीं होगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 2014 के चुनाव में कांग्रेस की ओर से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को टक्कर देने वाले अजय राय अपना आवेदन कर चुके है। जिला अध्यक्ष के मुताबिक केवल दो ही लोगों ने आवेदन किया है। यानी अजय राय के अलावा पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्र भी प्रबल दावेदार हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा यह भी चली थी कि बनारस सीट पर नरेंद्र मोदी के खिलाफ साझा प्रत्याशी उतारा जाए। इसके लिए शत्रुघ्न सिन्हा से लेकर हार्दिक पटेल, यशवंत सिन्हा, संजय सिंह जैसे तमाम नाम लिए गए। अब भी कयासों का दौर जारी है। जैसे ही कांग्रेस महासचिव, पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी बुधवार को अस्पातल में भर्ती दलित नेता चंद्रशेखर का हाल जानने पहुंचीं, चर्चाओं का दौर फिर से उफान लेने लगा कि बनारस से कांग्रेस चंद्रशेखर का समर्थन कर सकती है। वैसे भी चंद्रशेखर ने खुद ही कहा है कि वह नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में यह संभव हो सकता है कि चंद्रशेखर बनारस से नरेंद्र मोदी को चुनौती दें तो कांग्रेस उनका समर्थन कर दे।
इस बीच बड़ी खबर यह है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बनारस के सभी पार्टी प्रत्याशियों को शुक्रवार को लखनऊ तलब कर लिया है। बैठक पार्टी के विक्रमादित्य मार्ग स्थित कार्यालय पर दिन के 10 बजे से होगी। इस बैठक में जिला व महानगर अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक,एमएलसी, पूर्व प्रत्याशी विधानसभा चुनाव 2017, सभी विधानसभा अध्यक्ष, सभी ब्लाक प्रमुख, महानगर के सभी पार्षद, राष्ट्रीय व राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठ के जिला व महानगर के पदाधिकारी, को बुलाया गया है। यह पत्र प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की ओर से जारी किया गया है। पार्टी के महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने पत्रिका को बताया कि शुक्रवार को बनारस सीट को लेकर कोई निर्णय आ सकता है। अखिलेश यादव बड़ा धमाका कर सकते हैं। अखिलेश यादव के बनारस के पदाधिकारियों को लखनऊ बुलाए जाने के बाद से सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है। यहां यह भी बता दें कि बनारस सपा के सभी वरिष्ठ नेता पहले ही प्रत्याशी चयन के बाबत सारा अधिकार अखिलेश यादव को दे चुके हैं। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता भी चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ साझा उम्मीदवार ही उतारा जाए।

Home / Varanasi / लोकसभा चुनाव 2019- सपा ने तय किया मोदी के खिलाफ कौन होगा उम्मीदवार, अखिलेश यादव करेगे बड़ा धमाका

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो