
chane ka saag
सर्दियों में अक्सर ही बाजार में चने की भाजी उपलब्ध होती है। चने की भाजी का साग बहुत ही स्वादिष्ट बनता है। इसका स्वाद सरसों के साग से काफी अलग होता है , हालांकि इसे बनाने का तरीका कुछ कुछ सरसों के साग के जैसा ही है। यहां पढ़ें चने के साग की रेसिपी -
सामग्री -
चने की भाजी - 250 ग्राम
मक्का या बाजरे का आटा - 2 टेबल स्पून
हरी मिर्च - 2-3
अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा (1 छोटी चम्मच पेस्ट)
टमाटर - 2
तेल या घी - 1 टेबल स्पून
हींग - 1-2 पिंच
जीरा - आधा छोटी चम्मच
नमक - स्वादानुसार ( 3/4 छोटी चम्मच)
लाल मिर्च -1/4 छोटी चम्मच
विधि -
चने की भाजी को साफ कीजिए, बड़ी डंडियों को हटा दीजिए, मुलायम पत्तों को सब्जी के लिए तोड़ कर अलग कर लीजिए। पत्त्तों को साफ पानी से २ बार धो कर थाली में रखिए और थाली को तिरछा रख कर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिए। इन पत्तों को अब बारीक कतर लीजिए।
हरी मिर्च के डंठल तोड़िए, धोइए और बारीक कतर लीजिए। अदरक छीलिए, धोइए और बारीक कतर लीजिए। टमाटर भी धोकर बारीक कतर लीजिए।
कतरी हुई भाजी और एक कप पानी भगोने या पतीले में डाल कर गैस फ्लेम पर रखिए, भाजी के मुलायम होने पर, मक्के या बाजरे के आटे को एक कप पानी में घोलिए (गुठले नहीं रहने चाहिए) और भाजी में डाल कर मिलाइए, सब्जी गाड़ी होने पर पानी और मिलाया जा सकता है, नमक और लाल मिर्च भी मिला दीजिए, सब्जी में उबाल आने तक चमचे से चलाते रहिए। उबाल आने के बाद सब्जी को धीमी गैस फ्लेम पर ८-१० मिनिट पकाइए, सब्जी चमचे से गिराने पर एक साथ गिरे, एक सार हो जाए, सब्जी बन कर तैयार है।
किसी छोटी कढ़ाई में घी या तेल डालकर गरम कीजिए, गरम घी में हींग जीरा डालकर तड़का लगाईए, हरी मिर्च, अदरक और टमाटर डालकर मसाले को भूनिए अब टमाटर के नरम होने तक पकाइए और इस मसाले को पकी हुई भाजी में मिला दीजिए। सब्जी में गरम मसाला डालकर मिलाइए। चने की भाजी बन कर तैयार हो गई है, गरमा गरमा चने की भाजी को मक्का की रोटी या बाजरा की रोटी के साथ परोसिए और खाइये, स्वाद बड़ाने के लिए साथ में गुड़ भी रखिए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।
Published on:
21 Dec 2017, 4:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.