
– आज सवेरे गुलाबी नगर में मौसम साफ, धूप के साथ तीखी सर्दी
जयपुर। तीन दिन के ब्रेक के बाद आज सर्दी ने अपनी रंगत फिर से दिखा दी। आज सवेरे राजधानी जयपुर में लोगों को गलनभरी सर्दी महसूस हुई। इस कारण आज सुबह घर से निकलने वाले लोग तेज सर्दी के चतेधूजते हुए नजर आए। हालांकि राजधानी जयपुर में आज सवेरे मौसम साफ रहा व धूप निकली, लेकिन सर्दी के तेवर तीखे होने से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद अब मौसम शुष्क रहेगा और तेज सर्दी का दौर फिर से शुरू होगा। आज प्रदेश के पूर्वी व शेखावाटी अंचल में तीखी सर्दी का आलम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज राजधानी जयपुर में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी हवाओं के जोर से लोगों को तीखी सर्दी का अहसास हुआ। हालांकि राजधानी जयपुर में आज सवेरे मौसम साफ रहा। खिली धूप से लोगों ने तेज सर्दी से राहत ली। बावजूद इसके लोगों को गलनभरी सर्दी का अहसास हुआ।
जनवरी में पारा सामान्य या उससे ज्यादा
प्रदेश में इस बार दिन व रात में पारा अधिकांश दिनों में सामान्य अथवा उससे ज्यादा रहा है और सूर्यदेव ने भी मार्च जैसी गर्मी का अहसास करा दिया है। बीती रात जयपुर समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान में दो से 3 डिग्री तक गिरावट होने पर सुबह मौसम में ठंडक महसूस हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो तीन दिन प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने और पारे में उतार चढ़ाव रहने की संभावना जताई है।
पारा गिरा, लौटी सर्दी
बीते 24 घंटे में राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में बादल छंटते ही पारे में 2 से 4 डिग्री तक आई गिरावट ने फिर से सर्द मौसम का अहसास कराया। मालूम हो शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर और कोटा जिले में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ, लेकिन आज जिलों में पारा दो से 4 डिग्री तकलुढ़क गया। हालांकि अब भी इन जिलों में न्यूनतम तापमान औसत से अधिक दर्ज किया गया।
आज इन जिलों में तेज सर्दी
बीती रात सीकर 6.0, फतेहपुर 3, पिलानी 7, बीकानेर 7, संगरिया 6.5, करौली 5.6, दौसा 6.0, लूणकरणसर 6, वनस्थली 7, भीलवाड़ा 8, चूरू 7, सिरोही 8.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रहे। वहीं प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान औसत से अधिक दर्ज हुआ।