छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक छोटे से पान दुकान से पूरे राज्य में नशे की सामग्री बेचने वाले चाचा-भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों पूरे राज्य में हुक्का फ्लेवर, पॉट, पाइप आदि सप्लाई करते थे। रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन निजात के तहत पान दुकान में छापा मारा। दोनों के पकडऩे के बाद उनके घर में छापा मारकर 35 लाख से अधिक सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर में नशे के लिए हुक्का पीने का ट्रेड़ तेजी से बढ़ा है। खासकर युवा इसका ज्यादा नशा कर रहे हैं। इसलिए इस पर रोक लगाने हुक्काबार में प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक राज टॉकीज परिसर में अशोक कुमार मंधानी और उसके भतीजे अनुराग मंधानी राज पान पैलेस के नाम से पान दुकान संचालित करते हैं। दुकान की आड़ में हुक्का फ्लेवर, पॉट, पाइप आदि बेचते थे। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार को पुलिस ने दुकान में छापा मारा। दुकान से हुक्का फ्लेवर और अन्य चीजें बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ की गई।
45 से ज्यादा कंपनियों के हुक्का फ्लेवर
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों राजीव नगर स्थित मकान में छापा मारा। आरोपियों ने घर के एक बड़े हिस्से को ही गोदाम बना लिया था। गोदाम में 45 से ज्यादा कंपनियों के हुक्का फ्लेवर, हुक्का पॉट, पाइप, नोजल, कोल और हुक्का से संबंधित अन्य सामाग्री रखा था। पुलिस ने 35 लाख रुपए से अधिक की हुक्का सामग्री जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ हुक्का प्रतिषेध व अन्य अधिनियमों के तहत कार्रवाई की गई र्है।
महाराष्ट्र से लाते थे माल
प्रदेश में हुक्का बार चलाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई बड़े होटलों में हुक्का बार आज भी चल रहे हैं। उन्हें हुक्का फ्लेवर और अन्य सामान आरोपी अशोक और अनुराग ही सप्लाई करते थे। दोनों मुंबई से माल मंगवाते थे और रायपुर के अलावा धमतरी, राजनांदगांव, भिलाई, बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में सप्लाई करते थे। आरोपियों के खिलाफ लॉक डाउन के समय भी पुलिस ने कार्रवाई की थी। उस समय भी खम्हारडीह पुलिस ने बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री जब्त किया था।