
जम्मू कश्मीर की दो दिन की यात्रा पर आए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह राज्यपाल एन एन वोहरा के साथ अमरनाथ गुफा मंदिर में बर्फ से बने शिवलिंग के आज दर्शन करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृहमंत्री वोहरा के साथ समुद्र से लगभग 13500 फुट की ऊंचाई पर बाबा बफार्नी दर्शन करने पहुंचेंगे। इससे पहले राज्य की दो दिन की यात्रा पर बुधवार दोपहर यहां पहुंचे सिंह को राजभवन ले जाया गया जहां वोहरा ने उन्हें सुरक्षा की स्थिति से अवगत कराया।
राज्यपाल ने उन्हें अमरनाथ यात्रा सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाने के लिए किए गए उपायों के बारे में भी बताया। सिंह कश्मीर की इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्म्द सईद से भी मुलाकात करेंगे।
वह सेना, अद्र्धसैनिक बलों, पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ गुरुवार को राज्य में सुरक्षा की स्थिति और विशेषरूप से अमरनाथ यात्रा के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच बाबा बफार्नी के दर्शन के लिए 1280 श्रद्धालुओं का पहला दस्ता कश्मीर घाटी पहुंच गया है। दस्ते में शामिल 191 महिलाओं, 16 बच्चों और 154 साधुओं को लेकर आए सभी वाहन शाम को अनंतनाग पहुंच गए।
जिन श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए परपंरागत मार्ग का चयन किया है वे नुनवान- पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हो गए हैं और जिन यात्रियों ने सबसे छोटा मार्ग चुना है वे बालटाल की ओर रवाना हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि जो श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होने के लिए बुधवार सुबह जम्मू से रवाना हुए उनकी सुरक्षा तथा दूसरे जरूरी इंतजामों को पूरा कर लिया गया है।
Published on:
05 Jul 2016 03:17 pm
