
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब मालदीव दौरे पर नहीं जाएंगे। बताया जा रहा है कि राजनीतिक अस्थिरता के चलते पीएम का दौरा रद्द किया गया है।
सूत्रों की माने तो मोदी 10 मार्च से तीन देशों का दौरा करेंगे, जिनमें शेसेल्स, मॉरीशस और श्रीलंका शामिल हैं।
एक निजी न्यूज चैनल की खबर के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री साल 2015 के अपने पहले विदेश दौरे में 10 से 14 मार्च के दौरान इन देशों के दौरे पर होंगे।
मोदी 11 मार्च को शेसेल्स में द्विपक्षीय समुद्री संबंधों और विकास संबंधी सहयोग को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति जेम्स एलेक्सि माइकल के साथ बातचीत करेंगे।
वह 11 और 12 मार्च को मॉरीशस में होंगे जहां उनकी अपने मॉरीशस के समकक्ष सर अनिरूद्ध जगन्नाथ के साथ बैठकें होनी हैं। प्रधानमंत्री मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समोराह में मुख्य अतिथि होंगे।
उनके दौरे का आखिरी पड़ाव श्रीलंका होगा जहां वह 13 और 14 मार्च को होंगे। मोदी राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना और दूसरे नेताओं से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री का हमारे दोस्ताना समुद्री पडौसी देशों का दौरा हिंद महासागर क्षेत्र में हमारे संबंधों को मजबूत करने की भारत की इच्छा को दर्शाता है।
Published on:
06 Mar 2015 05:52 pm
