11 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजामुंद्री हादसे में मृतक संख्या 35 हुई, सीएम ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के राजामुंद्री में गोदावरी महापुष्करम के दौरान आज भगदड में मृतक संख्या 35 हो गई जबकि आठ घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

2 min read
Google source verification

image

vijay morya

Jul 15, 2015

आंध्र प्रदेश के राजामुंद्री में गोदावरी महापुष्करम के दौरान मंगलवार को भगदड में मृतक संख्या 35 हो गई जबकि आठ घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यहां के सरकारी अस्पताल में पांच और घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा सुबह उस समय हुआ जब 12 दिन तक चलने वाले गोदावरी पुष्करम में स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हजारों की संख्या में तीर्थयात्री घाट पर जल्द से जल्द पहुंचना चाहते थे जिस वजह से भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हादसा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू के अपने परिवार के सदस्यों के साथ इसी घाट पर पवित्र स्नान करने के तुरन्त बाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि भगदड़ मचने के बावजूद कोई भी शख्स घायलों को बचाने के लिए नहीं आया और उन्हें उनके भाग्य पर ही छोड़ दिया गया।

मौके पर पुलिस और चिकित्सा टीमों को पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लगा। इस बीच गोदावरी पुष्करम के इतिहास में सबसे बड़ी भगदड़ को लेकर राज्य के विपक्षी दलों की घोर आलोचना के बीच मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पुष्कर घाट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण घाटों का जायजा लिया।

नायडू के साथ विधायक गोरांता बुचैया चोधरी भी हैं जो यहां आए यात्रियों के साथ बातचीत कर रहे हैं तथा उनको सांत्वना भी प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ अतिरिक्त कलेक्टर अरूण कुमार, पुलिस अधीक्षक.शहर. हरिकृष्ण एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी हैं।

पुष्कर घाट के समीप एक बुजुर्ग महिला के साथ बातचीत में नायडू ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस हादसे को लेकर आहत हैं तथा उनके दुख में बराबर के साझीदार हैं।

उन्होंने अगले 10 दिनों के दौरान श्रद्धुालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ऐहतियात बरतने का आश्वासन भी दिया। इससे पहले नायडू ने घोषणा की थी कि वह जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती तब तक राजामुंद्री में रहेंगे तथा स्थिति की निगरानी करेंगे।

भगदड़ पर विपक्षी दलों ने की सरकार आलोचना

आंध्र प्रदेश में राजमुंद्री पुष्कर घाट पर गोदावरी महा पुष्करम के दौरान मची भगदड़ पर विपक्षी दलों ने एन चन्द्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार की कड़ी आलोचना की है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद के चिरंजीवी तथा आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) के अध्यक्ष एन रघुवीरा रेड्डी ने कहा कि इस दु:खद घटना के लिए मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू जिम्मेदार हैं। चिरंजरीवी ने आरोप लगाया कि सरकार ने सिर्फ प्रचार को प्राथमिकता दी जबकि वहां पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं किया गया। वाइएसआरसीपी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने भी भगदड़ के लिए मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि वह गोदावरी पुष्करम का आयोजन करके राजनीतिक लाभ लेना चाहते थे।