किसानों के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरने के बाद अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी नए रियल एस्टेट बिल पर पीएम मोदी को घेरने के मूड में हैं। उन्होंने कहा कि मकान के नाम पर लोगों के साथ धोखा हो रहा है। केंद्र सरकार मिडिल क्लास के खिलाफ काम कर रही है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि हमारे बिल के साथ सरकार ने छेड़छाड़ की है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार जो बिल लाई थी वो 'प्रो बॉयर बिल' था जो खरीददारों के हित में था। लेकिन नए बिल में बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के लिए इसे 'प्रो बिल्डर' बना दिया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि आज मैं नए रियल एस्टेट बिल पर लोगों से मिला, तो एक नई सीख मिली। उन्होंने कहा कि जमीन के नाम पर किसानों के साथ-साथ मिडिल क्लास से भी धोखा किया जा रहा है। उन्हें दबाया जा रहा है।
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी छुट्टी से लौटने के बाद ऐसा कोई भी मौका नहीं छोड़ते है जिस पर वह मोदी सरकार को घेर सके। राहुल गांधी भूमि अधिग्रहण बिल और किसानों की बर्बादी से लेकर खुदकुशी तक के लिए केंद्र सरकार को पहले ही कटघरे में खड़ा कर चुके हैं।