5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना, सुषमा स्वराज ने कहा- यात्रा मार्ग को स्वच्छ रखने से मिलेगा पुण्य

सुषमा स्वराज ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पहले जत्थे को रवाना करते हुए कहा कि इस पवित्र यात्रा पर जाने का उन्हीं यात्रियों को मौका मिला है जिन्हें खुद भोलेनाथ ने बुलाया है।

2 min read
Google source verification

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान यात्रियों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने से इस यात्रा का अधिक पुण्य मिलेगा। सुषमा स्वराज ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पहले जत्थे को रवाना करते हुए कहा कि इस पवित्र यात्रा पर जाने का उन्हीं यात्रियों को मौका मिला है जिन्हें खुद भोलेनाथ ने बुलाया है।

यात्रा का आंनद और पुण्य मिलने की कामना करते हुए उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि वे यात्रा मार्ग को गंदा नहीं करें और पहले से मार्ग पर गंदगी कहीं बिखरी मिले तो मिलकर साफ करें। इससे कैलाश मानसरोवर यात्रा करने का पुण्य ज्यादा मिलेगा। विदेश मंत्री ने कहा कि यात्रा के लिए 4500 लोगों ने आवेदन किया और इनमें से पहले जत्थे के लिए 60 लोगों का चयन किया गया है। इसके लिए उन्होंने लॉटरी निकाली और भाग्यशाली लोगों को इस यात्रा पर जाने का अवसर मिला। इनमें से दो यात्री चिकित्सा के स्तर पर सही नहीं पाए गए इसलिए इस जत्थे में सिर्फ 58 यात्री जा रहे हैं।

सुषमा स्वराज ने कहा कि यात्रा के दौरान मार्ग को साफ रखना सबकी जिम्मेदारी है। हिमालय को गंदा नहीं होने देना है और तीर्थ यात्रा में पवित्रतता ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। गंदगी से प्राकृतिक सौंदर्य बिगड़ता है एवं पर्यावरण को भारी नुकसान होता है। उन्होंने यात्रियों से अपने लिए मानसरोवर का जल लाने का भी भावुक आग्रह किया।

विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा के संयोजक प्रदीप रावत ने कहा कि इस जत्थे में 58 यात्रियों को शामिल किया गया है और आज रवाना किया गया यह पहला जत्था उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रा से होकर जाएगा। इस दर्रे से यात्रियों के 18 जत्थे कैलाश मानसरोवर पहुंचेगे। हर जत्थे में 60 यात्री होंगे। यह यात्रा 24 दिन में पूरी होगी और इस दौरान हर यात्री पर करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च आएगा।

उन्होंने कहा कि स्वराज तीन साल से लगातार कैलाश जाने वाले दल को रवाना कर रही हैं और कैलाश मानसरोवर से जुड़ी हर गतिविधि में उत्साह से सक्रिय रहती हैं। पर्यटन मंत्रालय में स्वागत समिति के उपाध्यक्ष उदय कौशिक ने बताया कि इस बार सिक्किम के नाथुला दर्रा से आठ दल रवाना किए जाएंगे। इस मार्ग से तीसरी बार यात्री कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नाथुला दर्रे से जाने वाले हर जत्थे में 50 यात्री शामिल होते हैं।

ये भी पढ़ें

image