
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में हुए ट्रक हमले की निंदा की है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'हम स्टॉकहोम पर हुए हमले की निंदा करते हैं। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं। दुख की इस घड़ी में भारत स्वीडन के साथ मजबूती से खड़ा है।'
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा, 'स्टॉकहोम पर हुए हमले की हम निंदा करते हैं। मैं स्वीडन में भारतीय राजदूत के साथ संपर्क में हूं। हमला भारतीय दूतावास के पास हुआ। हमारे अधिकारी सुरक्षित हैं।'
गौरतलब है कि स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में शुक्रवार को एक ट्रक भीड़भाड़ वाले शाॅपिंग इलाके में घुस गया और लोगोंं को रौंदते हुए निकल गया। जिससे चार लोगों की मौत हो गर्इ आैर 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा शहर के सबसे मशहूर गलियों में शामिल क्वीन स्ट्रीट के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ। प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन के अनुसार हर संकेत इसके आतंकवादी हमला होने का संकेत दे रहा है। पूरे इलाके को घेर लिया गया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इस हमले की तत्काल किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस प्रवक्ता टाव हॉग ने कहा कि इस संबंध में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, 'इस मामले में अभी तक हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो पहले भी कई घटनाओं में वांछित है।' पुलिस ने सीसीटीवी से मिली एक तस्वीर जारी की है और पुलिस इस व्यक्ति से बात करना चाहती है। ये लॉरी जिस फर्म की है, उसके मुताबिक दिन में लॉरी को हाईजैक कर लिया गया था।'
Published on:
8 Apr 2017, 8:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.