श्री केशो मेहरा, पूर्व प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा है, जनसंख्या नियंत्रण हेतु ‘हम दो हमारे दो’ को देश के सभी नागरिकों के लिए प्रभावी रूप से लागू किया जाए, इस हेतु पुरुष अथवा स्त्री की प्रजनन शक्तियों को अनिवार्यतः रोकने हेतु ऑपरेशन अथवा अन्य प्रभावी गर्भ निरोधक कदम उठाए जाएं। श्री मेहरा ने कहा है कि देश के संसाधन सीमित हैं, इसलिए जनसंख्या पर प्रभावी नियंत्रण अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कुछ व्यक्तियों द्वारा दिए गए सुझाव को कदापि उपयुक्त नहीं माना है, जिसमें कहा गया है कि जिनके दो से अधिक बच्चे हैं, उनको मताधिकार से वंचित कर दिया जाए, सरकारी नौकरियों में पात्र न माना जाए अथवा किसी कल्याणकारी योजना का लाभ न मिले, क्योंकि इस प्रकार बढ़ी हुई आबादी को अन्न, जल, विद्युत ये सब तो सरकार को उपलब्ध कराना ही होगा एवं यह देश के संसाधनों पर भार होगा एवं जो हमारा लक्ष्य है कि भारत विश्व की तीसरी आर्थिक शक्ति बन जाए, वह संभव नहीं हो पाएगा।