अहमदाबाद

अहमदाबाद मेट्रो ट्रेन : सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक कर सकेंगे सफर

4 घंटे की अस्थायी बढ़ोतरी, 30 से होगा अमल, एक महीने बाद होगी समीक्षा कर्मचारियों व छात्रों को भी मिलेगी सुविधा  

2 min read
अहमदाबाद मेट्रो ट्रेन : सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक कर सकेंगे सफर

अहमदाबाद. गुजरात मेट्रो रेल कंपनी की ओर से अहमदाबाद मेट्रो रेल के समय 30 जनवरी से समय में 4 घंटे की बढ़ोतरी की जाएगी। इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों व छात्रों को अस्थायी सुविधा मिलेगी।
कंपनी के सूत्रों के अनुसार अहमदाबाद मेट्रो रेल के फेज-1 के वर्तमान समय सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक का विस्तार करनेे की मांग की गई है। कंपनी की ओर से 30 जनवरी से अस्थायी तौर पर एक महीने के लिए मौजूदा समय सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। कर्मचारियों और छात्रों की सुविधा को देखते हुए यह बढ़ोतरी की जाएगी।
वर्तमान में मांग को देखते हुए पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर पर प्रति 18 मिनट तथा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर प्रत्येक 25 मिनट मेंं ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसे पीक समय में यात्रियों की संख्या के अनुरूप प्रत्येक 15 मिनट की अवधि तक करने की योजना है। एक महीने तक विस्तारित समय के अनुसार मेट्रो रेल चलाकर वास्तविक मांग का अध्ययन कर भविष्य की समय-सारणी पर विचार किया जाएगा।

पूर्व पश्चिम कॉरिडोर पर 2 अक्टूबर से हुई थी आरंभ

पूर्व पश्चिम कॉरिडोर पर 2 अक्टूबर से मेट्रो रेल सेवा आरंभ हुई थी। थलतेज, दूरदर्शन केंद्र, गुरुकुल रोड, गुजरात विश्वविद्यालय, कॉमर्स छह रास्ता, एसपी स्टेडियम, पुरानी हाईकोर्ट (विनिमय), शाहपुर, घीकांटा, कालूपुर मेट्रो स्टेशन, कांकरिया पूर्व, अपेरल पार्क, अमराईवाड़ी, रबारी कॉलोनी, वस्त्राल, निरांत क्रॉस रोड, वस्त्राल गाम के बीच यह ट्रेन संचालित की जा रही है।

उत्तर दक्षिण कॉरिडोर पर 6 अक्टूबर से हुई थी शुरुआत

एलिवेटेड उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर 6 अक्टूबर से मेट्रो रेल सेवा आरंभ की गई थी। मोटेरा से साबरमती, एईसी, राणिप, वाडज, विजयनगर, उस्मानपुरा, पुरानी हाईकोर्ट, गांधीग्राम, पालडी, श्रेयस, राजीवनगर, जीवराज, एपीएमसी स्टेशन तक मेट्रो रेल चलाई जा रही है।

पीएम मोदी ने 30 सितंबर को किया था लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर को अहमदाबाद शहर में मेट्रो रेल के प्रथम चरण में ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर पर थलतेज से वस्त्राल गाम तक और एलिवेटेड नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर मोटेरा से एपीएमसी तक मेट्रो रेल का लोकार्पण किया था।

Published on:
17 Jan 2023 10:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर