
Ahmedabad: सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई, ऑटो चालक को पकड़ा, लाइसेंस व परमिट होगा रद्द
अहमदाबाद। शहर के कालूपुर रेलवे स्टेशन से यात्रियों को बिठाकर उन्हें बीच रास्ते में छोड़ उनसे मारपीट करने व जबरन रुपए वसूल करने के मामले में ट्रैफिक पुलिस ने काईवाई कर ऑटो चालक को पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपी का नाम अकबर खलीफा (38) है। ये गोमतीपुर राजपुर इलाके में मोहनलाल की चाली में रहता है। आरोपी की ऑटो रिक्शा को मोटर व्हीकल एक्ट 207 के तहत एच डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने डिटेन कर लिया है।
ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त(पूर्व) सफीन हसन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जांच की गई। ऑटो रिक्शा नंबर के आधार पर ऑटो रिक्शा के चालक की पहचान कर गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। ऑटो चालकों की इस प्रकार की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिस यात्री के साथ आरोपी ने ऐसा दुर्व्यवहार किया है, उसकी पहचान की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला कि वह किसी अन्य प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी के विरुद्ध हिरासती (अटकायती) काईवाई भी कालूपुर पुलिस ने की है।
ड्राइविंग लाइसेंस व ऑटो का परमिट रद्द करने की सिफारिश
डीसीपी ने बताया कि कड़ा संदेश देने के लिए आरोपी के ऑटो रिक्शा को डिटेन करने के साथ-साथ आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द करने और ऑटो की परमिशन रद्द करने की सिफारिश भी ट्रैफिक पुलिस ने आरटीओ अहमदाबाद को की है।
Published on:
01 Jun 2023 10:39 pm

बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
