अहमदाबाद. नगर निगम शहर वासिय़ों को एक खास सौगात देने जा रहा है। उनके लिए एक बेहद रोमांचक और महत्वाकांक्षी योजना का अनावरण किया गय़ा है। अब शहरवासियों को जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए गिर या स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक इतना दूर जाने की जरूरत नहीं है।
अहमदाबाद में ही अब एक विशाल जंगल सफारी और बायोडायवर्सिटी पार्क स्थापित करने की तैय़ारी शुरू हो चुकी है। यह परियोजना साबरमती नदी के किनारे ग्यासपुर गांव में 500 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। जानकारी के अनुसार, परियोजना का अनुमानित बजट लगभग 200 से 250 करोड़ रुपये है। परियोजना कांकरिया में कमला नेहरू प्राणी उद्यान तक विस्तारित होगी। नगर निगम ने जंगल सफारी की की स्थापना के लिए आरएफडी जारी कर दी है। पार्क के निर्माण के लिए डिजाइन एवं प्रोजेक्ट कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है।
प्रपोजल देने की आखरी तारीख 26 सितंबर रखी गई है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद जंगल सफारी और पार्क बनाने की प्रक्रिया की जाएगी।
क्य़ा होगा खास ?
इस विशाल क्षेत्र को तीन अलग-अलग खंडों में बांटकर य़ोजना की रूपरेखा तैयार की है। सबसे बाहरी क्षेत्र में एक साइकिलिंग और जॉगिंग पथ के साथ फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों की जरूरतों को पूरा करेगा, जबकि मध्य परत को एक समृद्ध हरे-भरे बफर जोन में बदला जाएगा, जो इलाके के स्वदेशी वनस्पतियों और जीवों को संरक्षित करेगा।
अंत में, इस भव्य परियोजना का कोर क्षेत्र मनोरम सफ़ारी अनुभव प्रदान कर सबको रोमांचित करेगा।
इस प्रयास का उद्देश्य निवासियों को मनोरंजन, शिक्षा और पर्यावरण जागरूकता का एक अनूठा मिश्रण प्रदान करना है।
जब सफारी पार्क में अपेक्षित वन्य जीवन के बारे में सवाल किया गया, तो नगर आयुक्त थेन्नारसन ने कहा, “हमारा लक्ष्य विभिन्न प्रकार के जानवरों को समायोजित करना है, जिसमें जिराफ जैसी विदेशी प्रजातियां भी शामिल हैं। इसके अलावा शेर, बाघ, तेंदुए समेत कई विभिन्न जानवरों को वहां लाया जाएगा।