पेज समिति का सम्मेलन, पार्टी के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन पार्टी कार्यकर्ता देते हैं एक-एक पाई का हिसाब
आणंद. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने सोमवार को कहा कि आणंद जैसा पार्टी का मजबूत संगठन गुजरात में किसी जगह नहीं है। उन्हें लगता था कि आणंद जिला में पार्टी का संगठन कमजोर है, लेकिन ऐसा नहीं है। आणंद जिला पेज समिति सम्मेलन व आणंद में भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उन्होंने यह बात कही।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आणंद के सांसद मितेश पटेल की मौजूदगी में पाटिल ने कहा कि पार्टी का आणंद जिला का कार्यालय का मॉडल गुजरात में नहीं बल्कि पूरे देश में अनुकरण करना चाहिए। विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाना कार्यकर्ताओं का काम है। इन चुनाव में आणंद जिले की सातों सीटों पर जीत दिलाना जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। दीपावली को लेकर कार्यकर्ताओं को सुषुप्त अवस्था में जाने की जरूरत नहीं है।
पाटिल ने कार्यालय का उपयोग जिले के उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सात विधानसभा सीटों पर पेज कमेटी का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने जिला कार्यालय के निर्माण के लिए एक लाख रुपए से अधिक सहयोग करने वाले कार्यकर्ता का नाम कमरे की तख्ती पर लिखवाने की सलाह पार्टी केजिला अध्यक्ष विपुल पटेल को दी।
उन्होंने संगठन के साथ डबल इंजन की सरकार व योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को भाजपा कार्यकर्ता ही सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं।
पूरे देश में हर जिले में 700 भाजपा कार्यालयों का निर्माण
पाटिल ने कहा भाजपा कार्यालय के निर्माण के लिए कार्यकर्ता दान नहीं, बल्कि सहयोग देते हैं। भाजपा कार्यकर्ता एक-एक पाई का हिसाब देते हैं। अन्य राजनीतिक दलों में इसलिए कार्यालय का निर्माण नहीं होता है क्योंकि अन्य दलों के कार्यकर्ताओं की जेब में पैसा जाता है। पूरे देश में हर जिले में और लगभग 700 भाजपा कार्यालयों का निर्माण किया गया है।