
Chhath Puja Ghat will be built at a cost of 13 crores on Sabarmati coast.
अहमदाबाद।शहर के मध्य से गुजरती ऐतिहासिक साबरमती नदी में 13 करोड़ की लागत से छठ पूजा घाट बनेगा। नदी तट सौन्दर्यीयकरण योजना रिवरफ्रन्ट में देश के जाने माने अन्तरिक्ष वैज्ञानिक विक्रम साराभाई की प्रतिमा लगाई जाएगी। यह जानकारी साबरमती रिवरफ्रन्ट डवलपमेन्ट कार्पोरेशन लिमिटेड(एसआरएफडीसीएल) के निदेशक एव मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रवीण पटेल ने गुरुवार को पत्रकारों को दी।
पटेल ने कहा कि महानगर में रहने वाले उत्तर भारतीय नागरिक काफी लम्बे समय से साबरमती नदी में छठ पूजा घाट बनाने की मांग कर रहे थे। विशेष रूप से उत्तर भारत में मनाए जाने वाले श्रद्धा आस्था के पर्व छठ पूजा के मद्देनजर गुजरात पर्यटन विभाग ने पूजा घाट के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। उसमें से पांच करोड़ रुपए एसआरएफडीसीएल को हासिल हो गए हैं।
छठ पूजा के श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी सुविधाओं वाले घाट के निर्माण के लिए एसआरएफडीसीएल बोर्ड ने गुरुवार को स्वीकृति दे दी है। साबरमती नदी पर बने इन्दिरा ब्रिज के पूर्वी छोर पर निर्मित किए जाने वाले घाट तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओ को रिवरफ्रन्ट रोड पार करनी पड़ेगी। इससे सुरक्षा के लिए विशेष डिजाईन वाला अप्रोच रास्ता भी बनाना पड़ेगा। पीने का पानी, शौचालय, आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। उस पर करीब तीन करोड़ रुपए का और खर्च आने की संभावना है, जो मनपा व एसआरएफडीसीएल की ओर से वहन किया जाएगा।
पटेल ने कहा कि एसआरएफडीसीएल बोर्ड ने रिवरफ्रन्ट में विक्रम साराभाई की प्रतिमा लगाने का भी निर्णय किया है। उस्मानपुरा दर्पण अकादमी के भूखण्ड में लगाई जाने वाली प्रतिमा पर 25 लाख रुपए तक का खर्च किया जाएगा।
टोरेन्ट व डफनाला से इन्दिरा ब्रिज तक रिवरफ्रन्ट रोड भी
पटेल ने कहा कि रिवरफ्र्रन्ट बोर्ड ने साबरमती नदी में पश्चिम की ओर स्थित टोरेन्ट पावर से इन्दिरा ब्रिज एवं पूर्वी दिशा में स्थित डफनाला से इन्दिरा ब्रिज तक सडक़ निर्माण की भी स्वीकृति दे दी है। डफनाला से इन्दिरा ब्रिज तक की प्रस्तावित रोड के लिए आर्मी कैन्ट की ओर से भी स्वीकृति मिल गई है। साबरमती रिवरफ्रन्ट फेज-2 के तहत नदी के दोनों ओर 5.2 किलोमीटर लम्बाई वाले आरसीसी रोड़ के निर्माण पर करीब साढ़े आठ करोड़ रुपए की लागत आएगी। सम्बन्धित दोनों मार्गों के निर्माण की निविदा प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
Published on:
01 Sept 2017 10:23 pm

बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
