
Gujarat News देवभूमि द्वारका : 55000 वर्ग फीट जगह से हटाया अतिक्रमण, 21 जगहों पर डिमोलिशन
जामनगर. देवभूमि द्वारका जिले के बेट द्वारका में शनिवार सुबह छह जिलों की पुलिस टीम हथियार और आंसू गैस समेत साधनों से लैश होकर डिमोलिशन करने पहुंची। इनके साथ राजस्व, मरीन, वन विभाग और अन्य टीमें भी पहुंच गई। शनिवार देर तक चली कार्रवाई में प्रशासन को करीब 55 हजार वर्ग फीट जमीन से अतिक्रमण हटाने में सफलता मिली। कुल 21 जगहों पर प्रशासन का बुलडोजर चला।
इसकी कीमत करोड़ों रुपए बताई जाती है। संवेदनशील माने जाने वाले बेट द्वारका में लोगों को काम के बिना बाहर आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए इस क्षेत्र में जामर का भी इस्तेमाल किया जिससे अफवाह फैलाने पर रोक लग सके। कार्रवाई में द्वारका जिले की पुलिस के अलावा राजकोट, पोरबंदर, सुरेन्द्रनगर, जामनगर, मोरबी जिले की पुलिस शामिल रही। बेट द्वारका में सुबह से ही बोटों में सवार होकर पुलिस बेट द्वारका पहुंचने लगी। इनके साथ दूसरे विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे। कार्रवाई में विशेष रूप से लाई गई 5 जेसीबी की मदद से डिमोलिशन शुरू किया गया। जिले के पुलिस अधीक्षक नितेश पांडेय ने बताया कि समुद्री सीमा की सुरक्षा और देश की आंतरिक सुरक्षा के संबंध में बेट-द्वारका में हुआ अतिक्रमण के संबंध में सर्वे किया गया था। इसके बाद नियमानुसार सभी को नोटिस देकर स्थान खाली करने की समय सीमा तय की गई थी। इसके बाद अतिक्रम हटाने के लिए कार्रवाई शुरू की गई है। इसमें 9 पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस इंस्पेक्टर, पीएसआई, हथियारधारी एसआरपी शामिल रहे। हाल में दुकानों और कच्चे-पक्के मकानों को तोडऩे का काम हनुमानदांडी और बालापुर क्षेत्र से शुरू किया गया।
शिकायत पर पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार प्रशासन की ओर से कराए गए सर्वे में यहां बड़े पैमाने पर अतिक्रमण होने की जानकारी मिली थी। बताया गया कि यह कार्रवाई अभी कई दिनों तक चल सकती है। बेट-द्वारका में अतिक्र्रमण के संबंध में उच्चस्तरीय शिकायत पहले कई बार की जा चुकी है। इसके बाद शनिवार से आक्रमक रूप से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया गया। इससे पूर्व कार्रवाई से पहले शुक्रवार रात 3-4 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिससे किसी किस्म की होने वाली गड़बड़ी को रोकी जा सके। हाल में ओखा से बेट के बीच चलने वाली फेरीबोट सर्विस को आपात उपयोग के सिवाय बंद कर दिया गया है। इसके अलावा प्रशासन ने बेट के निवासियों को बिना कारण घर से बाहर नहीं निकलने के संबंध में सूचना जारी की है।
कई मकान जमींदोज
पुलिस और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के तहत डिमोलिशन में पुलिस के साथ वन विभाग, मरीन, ओखा नगर पालिका, गुजरात मेरीटाइम बोर्ड, राजस्व विभाग की सहभागिता रही। इसमें सर्कल इंस्पेक्टर, मुख्य अधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
डिमोलिशन के बाद करोड़ों रुपए की जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया गया। दंगडा, पत्थर आदि खड़की में हजारों फीट अवैध निर्माण किया गया था। गलियों में मकानों और दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। राजकोट रेंज आईजी के नेतृत्व में देवभूमि द्वारका जिला पुलिस अधीक्षक नितेश पांडेय पिछले कई दिनों से इस बड़ी कार्रवाई को लेकर गहराई से अध्ययन कर रहे थे। पूरी योजना बनने के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
Updated on:
2 Oct 2022, 1:02 PM IST
Published on:
2 Oct 2022, 1:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.