
फाइल फोटो।
सूरत जिले से पिछले दो वर्षों में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ पकड़े जाने के मुद्दे पर सोमवार को विधानसभा में कांग्रेस ने सरकार को घेरा। शहर के जमालपुर-खाडि़या विधानसभा से कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला की ओर से पूछे गए सवाल में सरकार ने बताया कि सूरत जिले से 16 किलो से अधिक अफीम पकड़ी गई है।
इसके अलावा 3146 किलोग्राम से अधिक अन्य ड्रग्स और 2620 बोतल अवैध सिरप पकड़ी गई है।इसके बाद विपक्ष ने सरकार पर नशामुक्त गुजरात बनाने के दावों को लेकर सवाल उठाए। सरकार की ओर से दिए गए इस सवाल के उत्तर के बाद खेड़ावाला ने इस मुद्दे पर तीखा हमला करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के गुजरात में नशामुक्ति की बात सिर्फ कागजों तक सीमित हो गई है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री कहते हैं कि क़ानून में रहकर फायदा होगा, उसी मंत्री के गृह जिले सूरत से इतनी बड़ी ड्रग्स की खेप पकड़ी जाती है, यह न छोटी बात है और न ही इसे नजरअंदाज किया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ड्रग्स पेडलर्स और ड्रग्स के जखीरे को तो पकड़ती है, लेकिन यह जांच नहीं करती कि यह ड्रग्स कहां से आ रहे हैं। विधायक खेड़ावाला ने यह भी कहा कि पिछले पांच सालों में राज्य में भारी मात्रा में मादक पदार्थ पकड़े गए हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार से यह मांग की कि वह गंभीरता से इस मुद्दे पर विचार करें, और युवाओं के भविष्य को देखते हुए सख्त कदम उठाए।
Updated on:
16 Mar 2026 10:18 pm
Published on:
16 Mar 2026 10:17 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
