8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: वटवा के घर में 20 फीट नीचे से मिले महिला के कंकाल की पहचान, बहन से हुआ डीएनए का मिलान

-हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी, 1992 में पति ने ही हत्या कर दफनाया था, मृतका फरजाना उर्फ शबनम ही थी, पति की होगी गिरफ्तारी

2 min read
Google source verification
Vatva

वटवा में खुदाई कर मानव का कंकाल बाहर निकालती पुलिस टीम (फाइल फोटो)।

Ahmedabad. शहर क्राइम ब्रांच ने वटवा के कुतुबनगर चौक क्षेत्र में 29 अप्रेल को एक मकान में 20 फीट गहरे कुएं से बरामद मानव कंकाल (महिला) की पहचान कर ली गई है। महिला के कंकाल के डीएनए का उसकी बहन से मिलान हो गया है। ऐसे में अब इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम हत्या का मामला दर्ज कर रही है। मृतका की पहचान फरजाना उर्फ शबनम के रूप में हुई है। उसकी हत्या वर्ष 1992 में कर दी गई थी और उसके बाद उसके शव को दफना दिया गया था।

क्राइम ब्रांच के उपायुक्त अजीत राज्यान ने शुक्रवार को बताया कि मानव कंकाल (महिला) के डीएनए का मिलान उसकी जीवित बहन से हुआ है। ऐसे में पुष्टि हो गई है कि मृतका फरजाना उर्फ शबनम ही थी। जिससे इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। क्राइम ब्रांच सूत्रों के तहत इस मामले में पांच आरोपी हैं, जिसमें से दो लोगों की प्राकृतिक मृत्यु हो चुकी है, जबकि पति शमशुद्दीन और एक अन्य आरोपी जीवित है। पति की इस मामले में गिरफ्तारी की जाएगी।

कथित रूप से आत्मा करती थी परेशान

स्थानीय लोगों का मानना था कि मकान में मृतका की आत्मा परेशान करती है, जिसके कारण वहां कोई नहीं रहता था। कुछ लोगों का तो यहां तक कहना है कि जो महिला 34 वर्ष पहले मर गई थी उसके होने का आभास होता है।

यह था मामला

मृतका फरजाना मूल रूप से शहर के पास धोलका की रहने वाली थी। बताया गया है कि उसकी दूसरी शादी शमशुद्दीन से हुई थी। उसके बाद महिला की हत्या हो गई थी। जांच में सामने आया है कि फरजाना का गला दबाकर हत्या की गई और शव को 20 फुट गहरे गड्ढे में दफनाकर ऊपर प्लास्टर कर दिया गया। इस संबंध में पता लगने पर खुदाई की गई और बुधवार को उसके कंकाल को निकाला गया था।