
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
आणंद. जिला पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर में पायोनियर हाईस्कूल के पास चोरी के अमरीकी डॉलर बदलने आए लूट और चोरी के मामलों में शामिल गिरोह के मुख्य सरगना हिंदुभाई भाभोर को गिरफ्तार किया। वह दाहोद जिले की जेसावाड़ा तहसील के आमली खजुरिया गांव का निवासी है। उसके कब्जे से 300 अमरीकी डॉलर बरामद किए गए। टीम को उसके गिरोह के चार अन्य साथियों की तलाश है।
आणंद जिले में पिछले दो महीनों के दौरान चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने के बाद पुलिस ने चोरों के कार्य करने के तरीके तथा विभिन्न क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। इसी दौरान लगभग 20 दिन पहले आंकलाव के लालपुरा गांव स्थित एक तंबाकू गोदाम में हुई चोरी के मामले के सीसीटीवी फुटेज की जांच में चोर कैमरे में कैद हो गए। फुटेज में दिखाई देने वाले एक व्यक्ति की पहचान हिंदुभाई भाभोर के रूप में हुई। जिला पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि चोरी के मामले में शामिल हिंदुभाई चोरी के अमरीकी डॉलर बदलने के लिए आणंद शहर के पायोनियर हाईस्कूल के पास आने वाला है।
सूचना के आधार पर जिला पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने आणंद शहर के पायोनियर हाईस्कूल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न मूल्यवर्ग के कुल 300 अमरीकी डॉलर बरामद हुए। आरोपी को एलसीबी कार्यालय ले जाकर उससे गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर कई चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने चोरी और लूट के कुल छह मामलों का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपी एक शातिर सेंधमार चोर है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गुजरात के कई जिलों में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी के साथियों के रूप में दाहोद जिले के चंदु पलास, पिंटु भाभोर, महिभाई भाभोर तथा विक्रम कटारा के नाम सामने आए। जिला पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और उसके साथी आणंद जिले में मजदूरी का काम करते थे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अच्छी तरह परिचित होने के कारण वे चोरी की वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते थे।
Published on:
26 Jun 2026 10:40 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
