
Gujarat : विपुल चौधरी की गिरफ्तारी को लेकर गरमाई राजनीति, सौंपा ज्ञापन
मेहसाणा. पूर्व गृह राज्य मंत्री और मेहसाणा दूधसागर डेयरी के पूर्व अध्यक्ष विपुल चौधरी की गिरफ्तारी को लेकर अब चौधरी समाज में ही खींचतान शुरू हो गई है। समाज के दूसरे गुट के लोगों ने अब उनकी गिरफ्तारी को सही बताया और सरकार की कार्रवाई का खुलकर समर्थन किया है। हाल ही में विपुल चौधरी के समर्थकों ने सत्य सम्मेलन के नाम से अर्बुदा माता के स्थान पर एकत्र होकर उनकी गिरफ्तारी को गलत बताया था। अब विपुल चौधरी के विरोध में भी सभाएं शुरू हो गई है।
मेहसाणा दूधसागर डेयरी के वर्तमान अध्यक्ष अशोक चौधरी ने शनिवार को चौधरी समाज के लोगों और पशुपालकों सहित रक्षक समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें आंजणा चौधरी समाज के अग्रणी लोग भी उपस्थित रहे। बैठक में विपुल चौधरी की गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। मेहसाना दूधसागर डेयरी के वर्तमान अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि विपुल चौधरी पर करीब 8 सौ करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है। यह पैसा किसी की निजी संपत्ति नहीं है।
यह पशुपालकों का पैसा है। यदि विपुल चौधरी इसे वापस नहीं करते हैं तो इसका नुकसान पशुपालकों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से विपुल चौधरी के विरुद्ध जो भी कार्रवाई की जा रही है, वह सही है। इसे लेकर चौधरी समाज सरकार के साथ है। पशुपालकों का पैसा किसी भी तरह से उन्हें मिलना चाहिए। विपुल चौधरी के समर्थकों की आलोचना करते हुए अशोक चौधरी ग्रुप के लोगों ने कहा कि इस तरह के मामले में कुलदेवी अर्बुदा माता के नाम का गलत उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। बैठक में करीब 15 हजार लोगों ने सरकार की कार्रवाई के पक्ष में हस्ताक्षर कर ज्ञापन मेहसाणा के प्रांत अधिकारी को सौंपा।
Published on:
24 Sep 2022, 9:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.