Ahmedabad. शहर के हाटकेश्वर ब्रिज को तोड़ने का कार्य सोमवार को और विवादों में घिर गया। इस ब्रिज को तोड़ते समय उड़ती धूल से स्थानीय व्यापारी और निवासी परेशान हैं। धूल के कारण व्यापारी इतने तंग आ गए कि उन्होंने अपनी दुकानों को बंद कर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि दोपहर में कुछ दुकानें फिर से खोल दी गईं।इलाके में धूल के कारण व्यापारियों को नुकसान हो रहा है, जिसके चलते उन्होंने प्रशासन से काम की गति बढ़ाने और प्रदूषण पर काबू पाने की मांग की है। तोड़ने का यह कार्य फिलहाल ओपन हालत में है, जिससे हवा के साथ धूल उड़ती है।
अहमदाबाद का यह ब्रिज बनने के बाद से ही सुर्खियों में है। बनने के बाद कुछ ही वर्षों में जर्जर अवस्था में आए इस ब्रिज को तोड़ने का निर्णय लिया गया था लेकिन अब तोड़ने के दौरान भी स्थानीय लोग भी इससे परेशान हो उठे हैं। धूल उड़ने से परेशान व्यापारियों ने सोमवार को अपनी दुकानें बंद रखीं। हालांकि, दोपहर होते-होते कुछ दुकानों को फिर से खोला गया। व्यापारियों का कहना है कि ब्रिज तोड़ने का काम काफी धीमी गति से हो रहा है, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है और धूल के कारण स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है।
ब्रिज के आसपास किया छिड़काव
धूल की शिकायतों के बाद प्रशासन ने ब्रिज और आसपास के मलबे पर पानी छिड़कने का कदम उठाया। यहां टैंकर के माध्यम से मलबे और आसपास छिड़काव किया। व्यापारियों का कहना है कि इस ब्रिज को तोड़ने के काम को तेज किया जाए। अन्यथा आगामी दिनों में आंदोलन तेज करना पड़ेगा।