अजमेर

लाखों रुपए कमाने के फेर में डूबी करोड़ों की रकम !

सरवाड़ कस्बे में पिछले एक पखवाड़े से मोबाइल पर कई ऑनलाइन कंपनियां युवाओं को बिना किसी बड़े इन्वेस्टमेंट के हजारों-लाखों रुपए कमाने का सब्जबाग दिखा करोड़ों रुपए ठग चुकी हैं।

2 min read
Aug 19, 2023
ठाणे में फ्रॉड का मामला

अजमेर/पत्रिका न्यूज नेटवर्क। सरवाड़ कस्बे में पिछले एक पखवाड़े से मोबाइल पर कई ऑनलाइन कंपनियां युवाओं को बिना किसी बड़े इन्वेस्टमेंट के हजारों-लाखों रुपए कमाने का सब्जबाग दिखा करोड़ों रुपए ठग चुकी हैं। कस्बे सहित आसपास के गांवों में सैकड़ों लोग इनकी ठगी का शिकार होकर पांच से सात करोड़ रुपए गंवा चुके हैं। शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के चक्कर में बड़ी तादाद में लोगों की मूल राशि भी डूब चुकी है।

यूं बनाते शिकार: ऐसी कंपनियों द्वारा लोगों को उनके मोबाइल पर आईडी के माध्यम से अलग-अलग योजनाओं में मात्र कुछ हजार रुपए जमा कराने पर सप्ताह में 5 दिन एक निश्चित राशि डॉलर, यूरो क्रिप्टो सहित अन्य मुद्राओं में बतौर मुनाफा देने के दावे कर बैंक खातों में राशि जमा करवाई।

निवेशकों को स्वयं की आईडी से अन्य लोगों को जोडऩे पर अतिरिक्त बोनस देने की भी घोषणा की गई। विश्वास जमाने के लिए निवेशकों को प्रतिदिन बोनस का भुगतान भी किया गया। जिसके चलते सैकड़ों लोगों ने इनके झांसे में आकर लाखों रुपए इका निवेश कर दिया।

कंपनी की नहीं जानकारी: जिन कंपनियों में निवेशकों ने रकम जमा करी है उनकी पूरी जानकारी किसी को नहीं है। कंपनियों का केवल एक सॉफ्टवेयर है जिसके माध्यम से वे पैसा निवेश करा उसी के जरिये राशि ट्रांसफर करते हैं। इसके अलावा कंपनी के संचालक अथवा कंपनी के अन्य किसी दस्तावेज की जानकारी किसी को नहीं है।

बोनस बंद होने से मची खलबली: पिछले एक सप्ताह से बोनस राशि खातों में नहीं पहुंचने के बाद लोगों को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। हालांकि अभी तक किसी निवेशक ने न्यायालय अथवा पुलिस की शरण नहीं ली है।

Published on:
19 Aug 2023 05:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर